बिजनौर के नजीबाबाद में रोडवेज डिपो के मुख्यद्वार पर कई महीनों से टूटे पड़े नाले के स्लैब में साहिबाबाद डिपो की एसी बस गिर गई। यात्रियों में चीखपुकार मच गई। रास्ता बंद होने से काफी देर तक रोडवेज बसों का संचालन प्रभावित होने से आवागमन के दौरान यात्रियों को परेशानी हुई।
साहिबाबाद डिपो की वातानुकूलित रोडवेज बस मंगलवार दोपहर करीब एक बजे नजीबाबाद रोडवेज डिपो पहुंची। कोटद्वार जाने के लिए बस जैसे ही आउट गेट की ओर बढ़ी, तभी नाले पर स्लैब टूटा होने से बस का अगला हिस्सा नाले में गिर गया। बस में सवार यात्रियों में अफरातफरी मच गई।
कुछ यात्रियों को मामूली चोटें भी आईं। चालक भगवानेंद्र ने घटना की सूचना रोडवेज कर्मियों को दी। काफी मशक्कत कर रोडवेज बस को नाले से बाहर निकालकर गंतव्य के लिए रवाना किया गया। इससे पहले घंटों आउट गेट बंद रहने से बसों का संचालन प्रभावित हुआ।
एक ही गेट से बसों के आवागमन से बार-बार जाम की स्थिति बनती रही। रोडवेज डिपो में बसों के आवागमन के लिए दो गेट बने हैं। आउट गेट पर रोडवेज बसें रवाना होने से पहले खड़ी होती हैं, वहीं से पैदल यात्री भी गुजरते हैं। यहां से गुजरते समय कई लोग गिरकर घायल हो चुके हैं।