विदुरकुटी पर जन विश्वास यात्रा के रथ का पूजन कर किया गया रवाना
बिजनौर। महात्मा विदुर की कर्मभूमि विदुरकुटी से भाजपा की जन विश्वास यात्रा के रथ का पूजन कर रवाना किया गया, जबकि चांदपुर में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रविवार को जन विश्वास यात्रा का शुभारंभ चांदपुर के गुलाब सिंह डिग्री कॉलेज से केंद्रीय परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने हरी झंडी दिखाकर किया। पश्चिम के क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल भी मौजूद रहे। इससे पहले विदुरकुटी में जन विश्वास यात्रा के रथ को पूजन करके चांदपुर के लिए रवाना किया गया था। विदुरकुटी में नहटौर विधायक ओमकुमार, सदर विधायक सुचि चौधरी, धामपुर विधायक अशोक राणा समेत यात्रा के संयोजक अलीगढ़ सांसद सतीश गौतम और गोपाल अनजान मौजूद रहे। यह यात्रा जिले की सभी आठ विधानसभाओं से गुजरते हुए बिजनौर पहुंचेगी। रात को बिजनौर में ही विश्राम करने के बाद सोमवार को मुजफ्फरनगर के लिए रवाना होगी। बिजनौर से शुरू होने वाली यह यात्रा मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, शामली, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, हापुड़, अमरोहा, मुरादाबाद, संभल से होते हुए एक जनवरी को रामपुर पहुंचेगी।