बिजनौर में प्रमुख संघ उत्तर प्रदेश के आह्वान पर मोहम्मदपुर देवमल ब्लॉक पर तालाबंदी की गई। ब्लॉक प्रमुखों को संवैधानिक अधिकार देने की मांग की गई।
ब्लॉक प्रमुख के पति नागेंद्र पंवार के नेतृत्व में क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने विरोध जताने के लिए ब्लाक कार्यालय की कुछ देर तालाबंदी की। सभी ने प्रमुखों को वित्तीय व प्रशासनिक अधिकार दिए जाने, प्रमुखों की सहमति के बाद ही फाइल स्वीकृत होने, प्रमुखों को कार्य कराने की छूट दिए जाने तथा ब्लॉक के सभी कर्मचारियों को प्रमुख के अधीन किए जाने की मांग की गई। इस दौरान अलबेल सिंह, यादराम सिंह चंदेल, नफीस आलम, बीडीसी सदस्य राकेश कुमार, विकास कुमार आदि मौजूद रहे।
वहीं नहटौर में ब्लॉक प्रमुख व बीडीसी सदस्यों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर ब्लॉक में प्रदर्शन किया। प्रमुख के दायित्वों को बढ़ाने के लिए एक मांग पत्र मुख्यमंत्री को भेजा।ब्लॉक प्रमुख मृणाल त्यागी के नेतृत्व में बीडीसी सदस्य ब्लॉक परिसर में एकत्र हुए। अपनी मांगों को पूरा कराने के लिए सदस्यों ने प्रदर्शन किया। ब्लॉक में होने समस्त वित्त एवं प्रशासनिक कार्य ब्लॉक प्रमुख के अनुमोदन व चतुर्थ राज्य वित्त की धनराशि ग्राम पंचायत व जिला पंचायत को समान अनुपात में उपलब्ध कराई जाए। इसके अलावा क्षेत्र पंचायत अधिनियम 1961 को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए। ब्लॉक प्रमुखों का मानदेय बढ़ाया जाए।
प्रदर्शन के बाद ब्लॉक कार्यालय पर तालाबंदी कर दी गई। इस मौके पर बीडीसी सदस्य नीरज चौधरी, विजयराम सैनी, रामवती, संतोष, पंकज भारद्वाज, मुनेश, सुरेंद्र, अन्नुया भारद्वाज, सचिन कुमार, मनोज कुमार और शोभित त्यागी, नबलू त्यागी, राजीव कुमार आदि ने भाग लिया। वहीं कोतवाली देहात में ब्लॉक प्रमुख कोतवाली देहात पूनम चौधरी ने क्ष़त्र के बीडीसी सदस्यों के साथ मिलकर ब्लॉक कार्यालय व ब्लॉक परिसर में स्थित बीडीओ कार्यालय में तालाबंदी की। चेतावनी दी गई कि शीघ्र ही ब्लॉक प्रमुखों की मांग पूरी नहीं की गई तो वह 19 अगस्त को जिलास्तर पर तथा पांच सितंबर को प्रदेश मुख्यालय पर आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। तालाबंदी के दौरान ब्लॉक प्रमुख पूनम चौधरी, चेयरमैन प्रदीप चौधरी, कपिल चौधरी ,सागर, बिल्लू, नरेंद्र सिंह, संदीप आदि बीडीसी सदस्य मौजूद थे। वहीं स्योहारा/जलीलपुर। ब्लाक कार्यालय पर ब्लॉक प्रमुख और क्षेत्र पंचायत सदस्यों द्वारा अपनी मांगो के समर्थन में असहयोग आंदोलन के तहत तालाबंदी की गई। ब्लाक प्रमुख ने डीएम को पत्र भेज कर वित्त एवं प्रशासनिक फाइल ब्लाक प्रमुखों के अनुमोदन पर स्वीकृत करने आदि मांग की है।
बीडीसी सदस्य अतर सिंह, योगेश कुमार, राजकुमार वर्मा, महीपाल सिंह, जय सिंह आदि के भी हस्ताक्षर हैं। जलीलपुर में ब्लॉक प्रमुख आबिदा के पति शाहिद ने बीडीसी सदस्यों के साथ ब्लॉक कार्यालय पर तालाबंदी की। उन्होंने कहा कि प्रमुखों को उनका हक दिलाकर रहेंगे। बीडीसी सदस्य नरपाल सिंह, नैपाल सिंह, जाहिद, कमरूल आदि मौजूद रहे।
नजीबाबाद/धामपुर में सरकार द्वारा संचालित क्षेत्रीय विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन ब्लॉक प्रमुख के संज्ञान में लाए बगैर कराने के विरोध में विकास खंड कार्यालय पर तालाबंदी की गई।ब्लाक प्रमुख अवधेश कुमार के नेतृत्व में कई बीडीसी सदस्य एवं ग्राम प्रधान सोमवार को विकास खंड कार्यालय पर एकत्र हुए। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों पर जनतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए ब्लाक प्रमुख एवं बीडीसी सदस्य धरने पर बैठ गए। इसके बाद जमकर नारेबाजी की। ब्लॉक प्रमुख अवधेश कुमार ने कहा कि प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था में बढ़ते विभागवाद के कारण ब्लाकों की स्थिति कमजोर हो गई है। उन्होंने सांसद और विधायक की तरह ब्लाक प्रमुख का भी मानदेय बढ़ाने, विकास खंड स्तर पर 14वें वित्त बजट की धनराशि पृथक रूप से क्षेत्र पंचायत को भी आवंटित करने, प्रधानमंत्री आवास योजना में ब्लाक प्रमुख के अनुमोदन पर 50 आवास निर्माण कराने सहित कई मांगें उठाईं। हिमांशु राजपूत, सुनील चौधरी, सुरेंद्र, रेखा देवी, आरती, वीर सिंह, अर्जुन, हरिओम, रतिराम, उमेश, विजय सहित कई बीडीसी उपस्थित रहे।वहीं धामपुर में ब्लाक प्रमुख मोहम्मद अकबर ने बताया कि ब्लाक प्रमुख के अंडर में पंचायत के 32 विभाग आते हैं। इन सभी विभागों से पंचायत में मानक अनुरूप कार्य कराने का काम ब्लाक प्रमुख और बीडीसी मेंबरों का होता है। परंतु सरकार द्वारा अभी तक उनके अधिकार उन्हें प्रदान नहीं किए हैं, जिससे ब्लाक और क्षेत्रों का विकास ठप है। उन्होंने सरकार से प्रमुखों को सभी वित्तीय व प्रशासनिक अधिकारों को मुहैया कराने की मांग की। चेताया कि जल्द उनकी मांग को पूरा नहीं किया गया तो आंदोलन होगा। जफर मंसूरी, नौमान, कफील, इब्राहिम, मुस्तकीम और खुर्शीद आदि मौजूद रहे।
ब्लॉक प्रमुखों के अधिकार हों बहाल
किरतपुर में ब्लॉक प्रमुख के वित्तीय एवं खंड विकास विभाग के अधीन आने वाले 32 अन्य विभागों को पुन:बहाल किए जाने की मांग करते हुए ब्लॉक कार्यालय के मुख्य गेट पर तालाबंदी की। ब्लॉक प्रमुख एवं उत्तर प्रदेश ब्लॉक प्रमुख संघ के जिलाध्यक्ष अनिली चौधरी ने कहा कि प्रमुख व विकास खंड विभाग के अधिकार क्षेत्र का अतिक्रमण करके क्षेत्र पंचायत को पंगु बना दिया है। इस दौरान बीडीसी सदस्य गजेंद्र सिंह, सुरेश कुमार, सुनील कुमार, महीपाल सिंह, लक्ष्मण, हुकम सिंह, धर्मवीर सिंह, कुलदीप सिंह, राजेश प्रसाद आदि मौजूद रहे।हल्दौर। क्षेत्र के ब्लाक प्रमुख सर्वेश राज की अगुवाई में कुसुम देवी, सोनम नसीमा, प्रियंका देवी क्षेत्र पंचायत सदस्य व कौशल सिंह प्रधान संघ के ब्लाक अध्यक्ष देशराज सिंह और धर्मेंद्र कुमार आदि ग्राम प्रधान ब्लाक पहुंचे और कार्यालय के मेन गेट पर ताला जड़ दिया। प्रदर्शनकारियों ने बीडीओ को श्वेतांक पांडे को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर पूर्व प्रधान सूरज सिंह, अर्जुन कुमार, पीतम सिंह आदि मौजूद रहे।