सेवानिवृत्त एचसीपी का पुत्र पुलिस से भिड़ा
नूरपुर। बिरयानी की दुकान बंद कराने पर वहां बैठा सेवानिवृत्त एचसीपी का पुत्र पुलिस से भिड़ गया। पुलिस ने उसकी पिटाई कर दी। युवक ने अपना मेडिकल करा पुलिस पर पैसे छीनने और बेवजह मारपीट करने का आरोप लगाते तहरीर दी है।
मोहल्ला रामनगर निवासी सेवानिवृत्त एचसीपी के पुत्र की स्योहारा रोड पर परचून की दुकान है। कांवड़ मेले के चलते पुलिस ने मीट की दुकान बंद करा रखी हैं। मंगलवार शाम स्योहारा रोड पर एक व्यक्ति ने बिरयानी का ठेला लगा रखा था। रात करीब आठ बजे पुलिस की गाड़ी वहां पहुंची और पुलिसकर्मियों ने उससे ठेला हटाने को कहा। आरोप है कि इस दौरान पास में ही अपनी दुकान पर मौजूद सेवानिवृत्त एचसीपी का पुत्र पुलिस से भिड़ गया। पुलिस ने पहले तो उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन न मानने पर पुलिस ने उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद उक्त युवक अपने पिता के साथ सरकारी अस्पताल पहुंचा और मेडिकल परीक्षण कराकर पिटाई करने वाले पुलिसकर्मियों के विरुद्घ तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की। तहरीर में उसने आरोप लगाया है कि पुलिस ने बेवजह उसकी पिटाई की। उसकी जेब से दुकान की बिक्री के रुपये निकाल लिए। सेवानिवृत्त एचसीपी ने एसपी से भी बात कर मामले में कार्रवाई किए जाने की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक संजय पांचाल का कहना है कि युवक पुलिस से अभद्रता कर रहा था। उन्होंने पिटाई किए जाने और पैसे छीनने की बात से इंकार किया है।