नजीबाबाद। रेलवे निर्माण इकाई ने डबल फाटक फ्लाई ओवर पर गार्डर रखने का अभियान शुरू कर दिया। पहले दिन क्रॉसिंग पर दो गार्डर रखे गए। ट्रेनों का संचालन पांच घंटों तक प्रभावित रहा।
रेलवे निर्माण इकाई के डिप्टी चीफ इंजीनियर पवन गर्ग, एई राजकुमार के नेतृत्व में डबल फाटक फ्लाई ओवर निर्माण के लिए क्रॉसिंग पर गार्डर रखने का काम बुधवार को शुरू हुआ। उच्च क्षमता की क्रेनों को स्थापित करने, गार्डर रखने के लिए विद्युत एवं सिग्नल व्यवस्था हटाने के काम के चलते पहला गार्डर रखने में लगभग ढाई घंटे का समय लगा। जबकि निर्माण इकाई ने दूसरा गार्डर मात्र एक घंटे के भीतर रख दिया।
रेलवे निर्माण इकाई के गार्डर रखने के अभियान में रेलवे के टीआरडी, सिग्नल तथा रेल पथ के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। गार्डर रखने के लिए ब्लॉक 12 बजे से 4 बजे तक दिया गया था। लेकिन पांच घंटा अधिक समय दो गार्डर रखने में लगा।
डबल फाटक रेलवे क्रॉसिंग से आवागमन को रोकने के लिए आरपीएफ एवं सिविल पुलिस को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। रेलवे को पहले लगातार तीन दिन काम करना था। लेकिन अब बृहस्पतिवार को गार्डर नहीं रखे जाएंगे।
कई ट्रेनों का भी रूट बदला
नजीबाबाद। डबल फाटक रेलवे क्रॉसिंग पर बुधवार को गार्डर रखने के अभियान में दिन में 12 बजे से शाम 5.15 बजे तक अप और डाउन लाइन की ट्रेनों का संचालन ठप रहा। इलाहाबाद से हरिद्वार को जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन मुरादाबाद से वाया बिजनौर, मौअज्जमपुर स्टेशन होती हुई हरिद्वार भेजी गईं।
उधर जनसेेवा एक्सप्रेस, सहारनपुर-लखनऊ पैसेंजर, नजीबाबाद-कोटद्वार पैसेंजर ट्रेन सहित कई यात्री ट्रेनें और माल गाड़ियों को मुरादाबाद से सहारनपुर स्टेशनों के बीच घंटों रोकना पड़ा। भीषण गरमी के चलते ट्रेनों के बीच रास्ते रुकने से यात्रियों को हलकान होना पड़ा।
उधर देहरादून से चलकर इलाहाबाद जाने वाली लिंक एक्सप्रेस शाम 4.45 बजे नजीबाबाद पहुंची। तब तक डबल फाटक पर गार्डर रखने के लिए लिया गया ब्लॉक समाप्त नहीं हुआ। जिससे लिंक एक्सप्रेस को लगभग आधा घंटा नजीबाबाद स्टेशन पर रुकना पड़ा।
ट्रैक पर निर्माण से नगीना में भी रेलवे यातायात प्रभावित
नगीना। नजीबाबाद में पुलिया का निर्माण का कार्य होने के कारण अप लाइन की आगरा से ऋषिकेश जाने वाली पैसेंजर ट्रेन को नगीना में रोका गया। इसके कारण ऋषिकेश तक जाने वाले यात्रियों को इस भीषण गर्मी में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समाचार भेजे जाने तक पैसेंजर ट्रेन प्लेटफार्म नम्बर तीन पर खड़ी हुई है।