गुणवत्ता के साथ करें शिकायतों का निस्तारण
धामपुर। डीएम उमेश मिश्रा ने संपूर्ण समाधान दिवस में कहा कि जनशिकायतों का निस्तारण प्रदेश सरकार के महत्वपूर्ण और प्राथमिकता वाले कार्यों में से एक है। सभी अधिकारी प्राप्त शिकायतों को पूर्ण गुणवत्ता और मानक के साथ निस्तारित करना सुनिश्चित करें तथा कोई भी पात्र व्यक्ति जन कल्याणकारी योजनाओं से वंचित न रहे। संपूर्ण समाधान दिवस में आईं 151 में से 22 समस्याओं का समाधान किया गया।
डीएम ने कहा कि सभी अधिकारी प्राप्त शिकायतों को पूर्ण गुणवत्ता और मानक के साथ निस्तारित करना सुनिश्चित करें और शिकायतकर्ता की संतुष्टि भी निश्चित रूप से प्राप्त कर लें। शिकायतकर्ता को संतुष्ट किए बिना शिकायत का निस्तारण स्वीकार्य नहीं होगा। यदि किसी शिकायत का निस्तारण किया जाना संभव नहीं है तो उसका स्पष्ट कारण लिखते हुए शिकायतकर्ता को अवगत कराया जाए। शिकायतों का निस्तारण पूर्ण गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित करते हुए शिकायतकर्ता की संतुष्टि भी आख्या के साथ संलग्न करना सुनिश्चित करें। डीएम व एसपी डा.धर्मवीर सिंह ने कार्यक्रम की अध्यक्षता से पूर्व तहसील प्रांगण में पीपल के पौधे रोपित किए। संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 152 शिकायत दर्ज हुईं। इनमें सर्वाधिक राजस्व विभाग की 85, विकास की 28, पुलिस की 23, लोनिवि व डूडा की पांच-पांच तथा चिकित्सा, शिक्षा एवं नगर निकाय की दो-दो शिकायतें शामिल हैं। 22 शिकायतों का मौके पर ही विभागीय अधिकारियों के माध्यम से निराकरण किया गया। इस दौरान डीएफओ डा.एम सेम्मारन, सीएमओ डा.विजय कुमार गोयल,एसडीएम धीरेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।