दो चालकों समेत 11 स्वास्थ्यकर्मियों की रिपोर्ट आई नेगेटिव
बिजनौर। रविवार को मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय के एक अपर मुख्य चिकित्साधिकारी की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने के बाद कार्यालय को सैनिटाइज कराया गया। इस दौरान दो चालकों समेत उनके कार्यालय के ही 11 स्वास्थ्यकर्मियों की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आने पर जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने राहत की सांस ली।
रविवार को सीएमओ कार्यालय के एक अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, उनकी पत्नी और बेटी की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। सीएमओ डा. विजय कुमार यादव ने रविवार को ही उन्हें पत्नी और बेटी सहित उपचार के लिए कोविड केयर हॉस्पिटल मुरादाबाद भिजवा दिया था। इसके साथ ही सोमवार और मंगलवार को मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय को दो दिन तक बंद करा दिया है। सीएमओ ने बताया कि सोमवार को पूरे कार्यालय को सैनिटाइज कराकर उनके कार्यालय के दो वाहन चालकों सहित 11 स्वास्थ्य कर्मियों की कोविड जांच की गई। गनीमत रही कि इन सभी की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई। इससे इन कर्मचारियों और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली है। फोन पर हुई बातचीत के दौरान अपर मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि अब उनकी तबीयत में सुधार है और उनकी पत्नी तथा बेटी भी ठीक है।