नगीना विधायक के पुत्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
नगीना(बिजनौर)। नगीना पुलिस ने एक युवक के साथ मारपीट व गाली गलौज करने के आरोप में स्थानीय विधायक मनोज पारस के पुत्र के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उधर, पीड़ित युवक की सोशल मीडिया पर वायरल हो रही वीडियो में वह विधायक पुत्र पर उसकी चोटी काटने का आरोप लगा रहा है।
थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्ण मुरारी दोहरे ने बताया की नगर के मोहल्ला शाह जहीर निवासी अश्वनी ने पुलिस को दी गई तहरीर में विधायक मनोज पारस के पुत्र अक्षेश पर उसके साथ मारपीट करने व गाली गलौज करने का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में एनसीआर दर्ज कर ली गई है। उधर, पीड़ित युवक की सोशल मीडिया पर वायरल हो रही वीडियो में वह विधायक पुत्र पर एक धर्म विशेष को समर्थन करने के चलते उसकी चोटी काटने का आरोप लगा रहा है। इस संबंध में विधायक मनोज पारस का कहना है कि उनके पुत्र पर लगाए गए आरोप पूरी तरह निराधार व गलत है।