जाम लगाने में 70 के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज
नूरपुर। दो दिन पहले शिव मंदिर चौक पर महिला का शव रखकर जाम लगाने के मामले में पुलिस ने मृतका के पिता समेत 15 लोगों को नामजद करते हुए 70 के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
कस्बे के मोहल्ला कबीरनगर निवासी तुषार पटना की एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। चार दिन पहले उसकी पटना में मौत हो गई थी। नौ फरवरी की शाम उसका शव पटना से यहां पहुंचा। इसके बाद परिजनों ने शिवचौक पर देर रात तक जाम लगाकर हंगामा किया था। उन्होंने पति समेत अन्य ससुरालियों पर हत्या करने का आरोप लगाया और उनकी गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। एसडीएम चांदपुर वीके मौर्य और सीओ शुभ सुचित के समझाने पर कई घंटे बाद जाम खुला। इस मामले में पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर पति समेत पांच लोगो के खिलाफ दहेज उत्पीड़न करने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
जाम के दौरान मुरादाबाद, स्योहारा, अमरोहा और दिल्ली मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित रहा था। अब इस मामले में पुलिस ने जाम लगाने वालों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र कुमार वर्मा की ओर से स्योहारा क्षेत्र के गांव आबिदनगर उर्फ धूंधली निवासी मृतका पिता सुरेंद्र सिंह के अलावा विनोद, हृदेश, गौरव, जागेश, हेमंत, टेकबहादुर, गांव फतेहाबाद निवासी राजकुमार, ऋतुराज, अमन, नितेश, शानू, डेविड एवं परितोष करते हुए 70 अन्य लोगों के खिलाफ महामारी अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।