बिजनौर के गांव सिहोरा गिरधर में रचित की तेरहवी पर उमड़ी युवाओं की भीड़।
- फोटो : BIJNOR
रचित की तेरहवीं पर पुलिस छावनी बना क्षेत्र
बिजनौर। रचित की तेरहवीं पर बृहस्पतिवार को गांव सिहोरा गिरधर से लेकर कस्बा झालू तक क्षेत्र छावनी में तब्दील रहा। यहां कोई नेता तो नहीं आया परंतु युवाओं का हुजूम उमड़ा। पुलिस गांव में तब तक रही जब तक तेरहवीं में आए लोग नहीं चले गए।
युवक रचित की तेरहवीं में केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान लोकसभा का सत्र होने की वजह से नहीं पहुंचे। उन्होंने जल्द ही रचित के गांव जाने की जानकारी भाजपा नेताओं को दी। रचित के गांव सिहोरा गिरधर के हर मार्ग पर सुबह से ही पुलिस तैनात थी। युवकों का सुबह से आना शुरू हो गया। युवकों में रचित की हत्या को लेकर भारी गुस्सा रहा। लोगों ने उन्हें समझाया कि कोई ऐसा कदम न उठाएं जिससे गलत संदेश जाए। तेरहवीं की रस्म पूरी होने के बाद युवकों ने गांव के रास्ते पर रचित के नाम का बोर्ड लगाया। उनके लौट जाने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। बीती पांच फरवरी को बाइक सवार चार हमलावरों ने छतरी वाले कुएं के समीप गोली बरसाकर रचित की हत्या कर दी थी। पुलिस इस मामले को गैंगवार से जोड़कर देख रही है।
दो और आरोपी दबोचे
पुलिस ने रचित हत्याकांड के दो अन्य आरोपी दबोच लिए हैं। अन्य की तलाश जारी है। एसपी डॉ. धर्मवीर सिंह के मुताबिक रचित हत्याकांड के फरार आरोपी कस्बा झालू के मोहल्ला सादात निवासी वाजिद व समीर शेख को गिरफ्तार कर जेल दिया। हत्या में शामिल शारिक, शादाब, शहबर, शहजान, आसिफ, नाजिम, रितिक, जोनी मतीन पहले जेल भेजे जा चुके हैं। इस हत्या में अन्य किसी का हाथ तो नहीं पुलिस इसका पता लगाने में जुटी है।
पांच फरवरी
बिजनौर के गांव सिहोरा गिरधर में रचित की तेरहवी के दौरान तैनात पुलिस।- फोटो : BIJNOR