किसानों के लिए शुरू की अक्षय ऊर्जा, दक्ष पंप योजना
धामपुर। विद्युत निगम की ओर से किसानों के लिए अक्षय ऊर्जा-दक्ष पंप (पांच हार्स पावर) योजना शुरू की गई है। इस योजना के तहत जिले में करीब 400 किसानों के बिजली के कनेक्शन देने का लक्ष्य रखा गया है। इस योजना के तहत किसानों को नलकूप का कनेक्शन लेने पर पांच हार्स पावर की सबमर्सिबल मोटर फ्री दी जाएगी।
अधीक्षण अभियंता धामपुर राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि धामपुर सर्किल मेें चार डिवीजन धामपुर प्रथम, धामपुर द्वितीय, नगीना और नजीबाबाद शामिल हैं। धामपुर सर्किल के चारों डिवीजन में इस योजना के तहत 200 का लक्ष्य दिया गया है। प्रत्येक डिवीजन को उनके स्तर से 50- 50 कनेक्शनों को आवंटित कर लक्ष्य की पूर्ति के आदेश दे दिए गए हैं।
लाभ उसे मिलेगा, जिसके पास होगा छह इंच का बोरिंग
एसई का कहना है कि इस योजना के तहत शर्त रखी गई है कि जिस किसी किसान को योजना का लाभ लेना है उसके पास पहले से छह इंच का बोरिंग होना जरूरी है। किसान को बिजली के कनेक्शन के साथ पांच हार्सपावर की बिजली की सबमर्सिबल मोटर फ्री में दी जाएगी।
यह होगा लाभ
एसई का कहना है कि निगम की ओर से निशुल्क मोटर उपलब्ध कराई जाएगी। वह पानी बेहतर उठाएगी और बिजली भी कम लेगी। किसी किसान के पास पहले से साढ़े सात हार्स पॉवर का बिजली का कनेक्शन है और वह योजना के तहत लाभ लेना चाहता है तो ले सकता है। शर्त के मुताबिक संबंधित किसान को अपनी पुरानी चालू मोटर निगम को वापस करनी होगी और निगम की ओर से योजना के तहत मिलने वाली पांच हार्स पावर की मोटर को बोरिंग में डालकर चलाना होगा। इससे उसका बिजली बिल भी पांच हार्स पावर का ही आएगा। यह योजना अभी नई है तो इसके बारे में किसानों को जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।