नहटौर ब्लाक के डवाकरा हाल के बाहर बिखरे पड़े मतपत्र।
- फोटो : BIJNOR
नहटौर। पंचायत चुनाव के मतपत्रों के बचे हिस्से ब्लॉक में बिखरे पड़े हुए हैं। आने-जाने वाले मतपत्रों के हिस्सो को देखकर सकते में हैं। मतपत्र से अलग किए गए हिस्सों को सुरक्षित तरीके से नष्ट न करके ऐसे ही छोड़ दिया गया।
ब्लॉक के डवाकरा हाल के बाहर पंचायत चुनाव के मतपत्रों से अलग किए गए हिस्से सैकड़ों की संख्या में बिखरे पड़े हुए हैं। मतपत्रों से अलग किए गए हिस्सों को ऐसे ही छोड़ दिया गया। बताया जाता है कि पोलिंग बूथ पर पहुंचने से पहले मतपत्रों की छटाई की गई। प्रत्याशियों के हिसाब से मतपत्रों को बनाया गया। जिसमें से मतपत्रों के कुछ हिस्से को अलग किया गया। जिसमें प्रधानी, बीडीसी ओर जिला पंचायत सदस्य पद के मतपत्रों से अलग किए गए हिस्से को न तो सुरक्षित रखा गया और न ही सुरक्षित तरीके से नष्ट किया गया। ब्लॉक डवाकरा हाल के बाहर पड़े मतपत्रों के हिस्सो को देखकर लोग सकते में हैं। बीडीओ ब्रज भूषण सिंह का कहना है कि सभी पड़े हिस्सों को बोरे में भरवाकर सुरक्षित रखवाया गया है। टेंट को निकालने के दौरान कुछ हिस्से बाहर आ सकते हैं। उन्हें भी सुरक्षित रखवाया जा रहा है।