तीन दिन से निकल रही धूप से लोगों को राहत
बिजनौर। पिछले तीन दिन से सुबह से ही निकली धूप गलन भरी ठंड से राहत दिला रही है। हांलाकि सुबह और शाम ठंड रहती है। बुधवार को जिले का न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
बुधवार को सुबह आसमान में कोहरा छाया रहा। थोड़ी देर बाद ही पूरे दिन चटख धूप निकली तो लोगों ने राहत की सांस ली। पिछले लगभग तीन चार दिन से सुबह से ही धूप निकल जा रही है। करीब एक सप्ताह पूर्व तापमान दो डिग्री तक पर पहुंचने पर ठंड में इजाफा होने लगा था, लेकिन तीन दिन से निकल रही चटख धूप सर्दी के तिलिस्म तोड़ रही है। नगर के वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. राहुल विश्नोई ने बताया कि वर्तमान में लोगों में सामान्य वायरल चल रहा है। ऐसे में नजला, खांसी, जुकाम, सिर में दर्द, गले में खराश, टांसिल, सांस आदि के मरीज अधिक हैं। ऐसे में गर्म कपड़े पहनने में बिल्कुल भी लापरवाही न करें। शरीर को कम से कम आधे से एक घंटा तक धूप अवश्य लें।
मौसम अनुसंधान केंद्र नगीना के प्रभारी सतीश कुमार के अनुसार बुधवार को जनपद का न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अधिकतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह के समय की आर्द्रता 97 प्रतिशत रही और दोपहर में यह घटकर 76 फीसदी पर पहुंच गई।