स्योहारा। सर्व यूपी ग्रामीण बैंक की शाखा सहसपुर में सीबीआई द्वारा रिश्वतखोरी के मामले में शाखा प्रबंधक समेत तीन कर्मचारियों की गिरफ्तारी के बाद बैंक प्रबंधन हरकत में आ गया है। क्षेत्रीय कार्यालय बिजनौर के अधिकारियों ने स्योहारा में सभी नजदीकी शाखा प्रबंधकों की बैठक लेकर बैंक की कार्यप्रणाली, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों पर सख्त संदेश दिया।
शनिवार को सीबीआई ने सर्व यूपी ग्रामीण बैंक की शाखा सहसपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए शाखा प्रबंधक कपिल कुमार, फील्ड ऑफिसर विकास और संविदा कर्मी नोमान अहमद को एक ऋण आवेदक से 45 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। बैंक प्रबंधन ने इसे लेकर स्योहारा में बैठक बुलाई। अध्यक्षता क्षेत्रीय प्रबंधक लखविंदर सिंह ने की। उप क्षेत्रीय प्रबंधक अर्चित रस्तोगी और वरिष्ठ प्रबंधक नितिन अहलावत (क्षेत्रीय कार्यालय बिजनौर) भी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी प्रकार की अनैतिक या अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान मुख्य प्रबंधक धामपुर प्रदीप कुमार गुप्ता, दिनेश कुमार, भानु प्रताप सिंह, अनुज कुमार, शाखा स्योहारा के वरिष्ठ प्रबंधक दिलीप कुमार, हिमांशु सिंह चौहान, विशाल कुमार, अनुज कुमार, मोहित कुमार सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।