बिजनौर। मौसम विभाग लखनऊ ने प्रदेश के तमाम जिलों के साथ साथ बिजनौर के लिए भी रेड अलर्ट जारी किया है। इसी क्रम में बिजनौर प्रशासन ने 31 मई तक भयंकर आंधी- तूफान, बारिश और ओलावृष्टि के साथ साथ आकाशीय बिजली गिरने का भी आशंका जताई। एहतियात के तौर पर लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए आपदा प्रबंधन प्राधिकरण का टोल फ्री नंबर जारी किया गया है।
28 से 31 मई तक मौसम खराब होने का अंदेशा जाहिर किया जा रहा है। मौसम विभाग ने यह अनुमान लगाया है, इसी अनुमान का आंशिक असर बिजनौर में बृहस्पतिवार को देखने को मिला। आंधी तो नहीं आई मगर हवाएं तेज चली और मौसम में अन्य दिनों के मुकाबले तपिश भी कम रही। इसके साथ ही डीएम की ओर से एडवाइजरी की गई है। कहा गया कि खराब मौसम एवं वज्रपात के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें। उन्होंने किसान बंधुओं से कहा कि खेतों में कार्य करते समय सतर्क रहें तथा मेघगर्जन होने पर तुरंत सुरक्षित स्थान पर शरण लें। आंधी-तूफान एवं वज्रपात के दौरान पेड़ों, खुले मैदानों, जलाशयों, बिजली के खंभों एवं मोबाइल टावरों के आसपास खड़ा होना अत्यंत जोखिम भरा साबित हो सकता है। ऐसे समय में पक्के भवन या सुरक्षित स्थान पर ही रहें। कहा कि दामिनी एप डाउनलोड कर समय-समय पर प्राप्त होने वाली मौसम संबंधी सूचनाओं का पालन करें। मौसम खराब होने पर बिजली से चलने वाले उपकरणों का उपयोग बंद कर दें तथा तालाब, नदी, नहर आदि जल निकायों से दूर रहें।
टोल फ्री नंबर किया जारी
किसी भी आपात स्थिति, जनहानि अथवा क्षति की सूचना तत्काल जिला प्रशासन को उपलब्ध कराएं। आपदा संबंधी सहायता के लिए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के टोल फ्री नंबर 1077 एवं 01342-262031 पर संपर्क किया जा सकता है। आग लगने की स्थिति में 112 अथवा 101 तथा चिकित्सीय सहायता के लिए 108 पर संपर्क करें।