बिजनौर। असत्य पर सत्य की जीत का पर्व दशहरा बृहस्पतिवार को धूमधाम से मनाया जाएगा। पर्व को लेकर तैयारियां पूरी हो गई हैं। जिले में 87 जगह रावण, मेघनाद और कुंभकरण के पुतलों का दहन होगा। पर्व को लेकर पुलिस भी अलर्ट मोड पर है। सुरक्षा के दृष्टिगत सेक्टर व्यवस्था लागू रहेगी। बिजनौर शहर में दशहरा की पूरी तैयारी है। रामलीला मैदान में 55 फीट के रावण और 50 फीट के मेघनाद का पुतला दहन होगा। उधर, दशहरा की तैयारियों और सुरक्षा इंतजामों के लिए पुलिस ने खाका तैयार किया है। दशहरा मेलों को लेकर जिले को तीन सुपर जोन, छह जोन, 21 सेक्टर और 146 सब सेक्टर में बांटा गया है। बिजनौर सहित 87 जगह पुतला दहन के साथ ही मेलों का भी आयोजन होगा। इसके अलावा अलग-अलग 32 जगह शोभायात्रा निकाली जाएंगी। बिजनौर, धामपुर, चांदपुर, नगीना, नजीबाबाद सहित अन्य जगह आयोजित होने वाले मेलों में भीड़भाड़ रहेगी। इसके लिए मेला स्थलों पर पुलिस, पीएसी की टीम रहेगी। ताकि, सुरक्षा व्यवस्था में कोई दिक्कत न हो।
n बिजनौर शहर में बुखारा रोड से डायवर्ट रहेगा ट्रैफिक : बिजनौर शहर के रामलीला मैदान में दशहरा पर मेला लगता है। जिसमें आसपास के गांवों के हजारों लोग पहुंचते हैं। ऐसे में जाम के हालात बने रहते हैं। इसके लिए बिजनौर शहर में बुखारा रोड पर दोपहर बाद रूट डायवर्जन लागू रहेगा। नूरपुर, धामपुर, नहटौर, मुरादाबाद की ओर जाने वाले वाहनों को चक्कर रोड से निकाला जाएगा। बुखारा रोड पर सिर्फ दो पहिया वाहनों को आवागमन की अनुमति होगी।