बर्ड फ्लू को लेकर हर तहसील में बनाई रैपिड रेस्पोंस टीम
बिजनौर। बर्ड फ्लू के मामलों को देखते हुए पशुपालन विभाग ने तैयारी कर ली है। विभाग ने सभी तहसीलों में रैपिड रेस्पोंस टीम बनाई गई है। हर टीम में चिकित्सकों व पशुपालन विभाग के कर्मचारियों को रखा गया है। टीम जगह-जगह जाकर पोल्ट्री संचालकों को सचेत करेगी। कोई मामला आने पर टीम जरूरी कार्रवाई करेगी।
देश के कई राज्यों में बर्ड फ्लू के मामले सामने आ चुके हैं। बुधवार को राजा का ताजपुर में मरे हुए कौए मिले थे। इस पर प्रशासन चौकस हो गया था लेकिन कौओं के मरने का कारण बर्ड फ्लू के बजाए किसी हादसे को माना गया था। बृहस्पतिवार को पशुपालन विभाग में रैपिड रेस्पोंस टीम का गठन किया गया है। जिले में सरकारी सहायता प्राप्त 14 पोल्ट्री फार्म चल रहे हैं। इनमें छह लाख 91 हजार मुर्गी व 54 हजार चूजे हैं। इसके अलावा मांस के लिए बेचे जाने वाले एक लाख 40 हजार मुर्गे भी हैं। निजी क्षेत्रों में करीब दस पोल्ट्री फार्म चल रहे हैं।
रैपिड रेस्पोंस टीम के सदस्य पोल्ट्री फार्म संचालकों को रोग के प्रति जागरूक करेंगे। कहीं पक्षियों की मौत के मामने सामने आते हैं तो टीम मौके पर जाएगी। टीम में उपमुख्य पशु चिकित्साधिकारी, पशुधन प्रसार अधिकारी व बाकी स्टाफ को रखा गया है।
- अंडे, चिकन के दामों में नहीं फर्क
अंडों के दामों और चिकन के दामों में अभी कोई अंतर नहीं आया है। अंडे की क्रेट के दाम 160 से 180 रुपये तक चल रहे हैं जो कि सामान्य हैं। चिकन के दाम भी 180 रुपये प्रति किलो हैं। अंडों व चिकन की मांग में कोई फर्क नहीं आया है।
- बाड़े के पास न आने दें बाहर का पक्षी
पोल्ट्री फार्म संचालकों को बाड़ों को सैनिटाइज करने के निर्देश दिए गए हैं। उनसे कहा गया है कि वे बाड़े के पास बाहर के किसी भी अन्य पक्षी को न आने दें। अगर किसी मुर्गी की मौत होती है तो इसकी सूचना तुरंत चिकित्सकों को देने को कहा गया है।
पूरी तरह हैं सतर्क
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा.भूपेंद्र सिंह के अनुसार अफसरों व पोल्ट्री फार्म संचालकों को चौकस कर दिया गया है। रैपिड रेस्पोंस टीम बना दी गई हैं। विभाग के कर्मचारी पूरी तरह सतर्क हैं।