पहाड़ों पर बारिश से बढ़ा रामगंगा का जलस्तर
अफजलगढ़ (बिजनौर)। पहाड़ों पर हो रही लगातार वर्षा के कारण डैम में जलस्तर बढ़ना शुरू हो गया है, इससे लगातार रामगंगा नदी में पानी की निकासी की जा रही है। इससे रामगंगा का जलस्तर बढ़ा हुआ चल रहा है। शुक्रवार सवेरे से हो रही भारी वर्षा से रामगंगा नदी का जल स्तर बढ़ गया। जलस्तर बढ़ने से नदी किनारे बसे ग्रामीणों को गांव में पानी भरने तथा फसलों को लेकर चिंता सता रही है।
गांव कटारमल, मुरलीवाला, लड्डूवाला भोगपुर, तुरतपुर आलमपुर, अलियारपुर, भज्जावाला, मनोहरवाली व भूतपुरी आदि सहित दर्जनों गांव के किसान हरीराज, ब्रह्मपाल, हरवंश, महेंद्र, गुरमुख सिंह, चमकौर सिंह, मंगत कांबोज, वीरसिंह, सुरेंद सिंह आदि ने बताया कि रामगंगा नदी से सटे दर्जनों गांवों को सिंचाई विभाग की ओर से हाई अलर्ट किए जाने के बाद ग्रामीण चिंता में थे। शुक्रवार की सवेरे से लगातार हो रही वर्षा के कारण रामगंगा नदी का जल स्तर बढ़ रहा है। उनकी पहले से ही धान, गन्ने व अन्य फसलें जलमग्न हैं। गांव मनोहरवाली, भूतपुरी व अलियारपुर भज्जावाला के समीप बह रही रामगंगा नदी के बढ़ते जल स्तर से किसानों में पानी भर गया है। उनका कहना है इसी प्रकार वर्षा होती रही तो जल स्तर बढ़ने के कारण तटबंध क्षतिग्रस्त हो सकते हैं। किसानों के अनुसार नदियों के गांव के समीप बने तटबंध भी अच्छी हालात में नहीं हैं, क्योंकि उनकी समय से मरम्मत नहीं की गई। भूतपुरी पुल के नीचे जल स्तर इतना अधिक है कि वहां श्मशान घाट पर बना अंत्येष्टि स्थल भी पानी में डूब गया है।