नगीना में रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से आपात खिड़की से बाहर निकलती युवती। संवाद
नजीबाबाद। लंबी दूरी की ट्रेनें विलंब से संचालित होने से यात्री परेशान रहे। रक्षाबंधन त्योहार पर यात्रियों को ट्रेनों के आने की घंटों प्रतीक्षा करनी पड़ी।
राजगीर बिहार से हरिद्वार के बीच संचालित स्पेशल ट्रेन शनिवार को करीब 10 घंटा विलंब से अपराह्न तीन बजे नजीबाबाद स्टेशन पहुंची। स्पेशल ट्रेन को प्रातः 4:45 बजे नजीबाबाद होते हुए हरिद्वार पहुंचना था। स्पेशल ट्रेन को प्रातः नौ बजे नजीबाबाद स्टेशन होते हुए राजगीर के लिए वापसी करनी थी। राजगीर दिशा के स्टेशनों के लिए आरक्षण कराने वाले यात्री दिनभर ट्रेन की प्रतीक्षा में परेशान रहे।
नजीबाबाद से गुजरने वाली चंदौसी से ऋषिकेश के बीच संचालित पैसेंजर ट्रेन करीब ढाई घंटा विलंब से नजीबाबाद पहुंची। देहरादून से सूबेदारगंज जाने वाली लिंक एक्सप्रेस और देहरादून से लखनऊ जाने वाली वंदे भारत ट्रेन भी करीब एक घंटा विलंब से संचालित होने से त्योहार के मौके पर सफर करने वाले यात्री परेशान हुए।