मानदेय और विकास निधि का उठाया मुद्दा
नजीबाबाद। क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने प्रतिमाह पांच हजार रुपये मानदेय और 10 लाख रुपये की वार्षिक विकास निधि की मांग को लेकर आंदोलन चलाने का निर्णय लिया। संगठन 31 अक्तूबर को बिजनौर में प्रदेश स्तरीय महासम्मेलन आयोजित करेगा।
बीडीसी राष्ट्रीय एकता मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष पवन भारती, महामंत्री कुलदीप सिंह के नेतृत्व में संगठन की बैठक शुक्रवार को ड्वाकरा हॉल में आयोजित की गई। राष्ट्रीय अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने क्षेत्र पंचायत सदस्यों से ग्रामीण विकास और अधिकारों के लिए एकजुट रहने का आह्वान किया। उन्होंने बीडीसी राष्ट्रीय एकता मंच द्वारा प्रदेश स्तर पर बीडीसी सदस्यों को मानदेय और विकास निधि दिए जाने की आवाज उठाई है। भूपेंद्र सिंह ने बैठक में उपस्थित बीडीसी सदस्यों को 31 अक्तूबर को इंदिरा बाल भवन बिजनौर में क्षेत्र पंचायत सदस्यों का महासम्मेलन आयोजित करने की सलाह दी। बीडीसी राष्ट्रीय एकता मंच द्वारा ग्रामीण विकास की अहम कड़ी क्षेत्र पंचायत सदस्यों को प्रतिमाह पांच हजार रुपये मानदेय दिए जाने, प्रतिवर्ष बीडीसी सदस्यों को 10 लाख रुपये की विकास निधि अलग से देने, मनरेगा कार्य कराने में सहभागिता आदि की मांग शासन स्तर पर उठाने की भूपेंद्र सिंह ने जानकारी दी। अमर सिंह की अध्यक्षता और कुलदीप सिंह के संचालन में आयोजित बैठक में विक्रम सिंह खोबे, ब्रजराज सिंह, पवन भारती, ममता देवी, तजेंद्र सिंह, घनश्याम, बबीता, संजीव कुमार आदि ने विचार रखे।