बिजनौर/धामपुर/नजीबाबाद। जिले में बुधवार रात से बदले मौसम ने लोगों को गर्मी से राहत तो दी, लेकिन तेज हवाओं और लगातार बारिश के कारण शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। बारिश की बूंदों और पेड़ों की टहनियों के लाइन से टच होने से फाल्ट हुए। इससे कई इलाकों में घंटों तक फीडर बंद रहे। अधिशासी अभियंता अजय कुमार कैम ने बताया कि शहर में आपूर्ति प्रभावित नहीं हुई है। ग्रामीण अंचल में बाधित आपूर्ति सही कराकर सुचारू कर दी गई है।
हीमपुरदीपा क्षेत्र में तेज हवा और बारिश के कारण क्षेत्र के तीन बिजलीघर से जुड़े 50 गांव की बिजली आपूर्ति बाधित रही। विभागीय टीमों ने लाइनों के फाल्ट आदि सही कराकर लगभग 12 घंटे बाद बिजली आपूर्ति सुचारू कराई। जगह-जगह हाईटेंशन लाइनों के ऊपर पेड़ टूट कर गिर गए। इसके चलते बिजलीघर उलेढ़ा, बिजलीघर सिसौना और लदुपुरा बिजलीघर से जुड़े गांव सिसौना, पिलाना, जलालपुर हसना, खैरपुर, ढेला गुर्जर, ढ़ेली गुर्जर, गोगली, गांगू नंगला, मुबारकपुर कला, उमरी पीर, औंधा, पुट्ठा तथा रतनपुर खुर्द, हीमपुर दीपा, टूंगरी, रावटी, उलेढ़ा, झाल, फतेहपुर कला, सैदाबाद, गदनपुरा, लदुपुरा लगभग 50 गांव की आपूर्ति बाधित हो गई।
अवर अभियंता अजय कुमार उलेढ़ा ने बताया कि पेट्रोलिंग टीमों ने लाइनों में आई खराबी को दूर करते हुए बृहस्पतिवार सुबह 11 बजे बिजली आपूर्ति सुचारू हो गई।
धामपुर नगर क्षेत्र में तेज हवा चलने के कारण एहतियातन सभी विद्युत फीडर बंद कर दिए गए। मोहल्ला बाड़वान, शास्त्री नगर और स्टेट बैंक कॉलोनी समेत कई इलाकों में सुबह के समय बिजली आपूर्ति सुचारु कराई गई।
अवर अभियंता राजेश कुमार ने बताया कि बारिश की बूंदों और पेड़ों की टहनियों के लाइन से टच होने पर शटडाउन लेना पड़ता है, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। मौसम सामान्य होने पर आपूर्ति बहाल कर दी गई।
उधर नजीबाबाद और आसपास के क्षेत्रों में भी बारिश का असर बिजली व्यवस्था पर पड़ा। मोहल्ला रम्पुरा, मुगलूशाह, पाईबाग, आदर्शनगर और सुभाषनगर सहित कई इलाकों में दो से पांच घंटे तक बिजली गुल रही। पूर्वी गंग नहर के पास विद्युत लाइन क्षतिग्रस्त होने से आपूर्ति प्रभावित हुई।
रेहड़ के मोहिद्दीनपुर में बुधवार रात आंधी में एचटी लाइन का खंभा तिरछा होकर झुक गया। ग्रामीणों ने झुके खंभे को दुरुस्त कराने की मांग की है। ग्रामीण मोहित, राजेंद्र, अजय, राजकुमार आदि ने बताया कि मोहिद्दीनपुर तिराहे के नजदीक स्थित सुदर्शन सिंह के आवास के समीप खड़े एचटी लाइन के खंभे में बीस दिन पूर्व किसी वाहन ने टक्कर मार दी थी। बुधवार रात आई तेज आई आंधी से खंभा सड़क की ओर काफी नीचे झुक गया।