रेलवे फरवरी से शुरू करेगा लिंक एक्सप्रेस सहित दो ट्रेनें
नजीबाबाद। लिंक एक्सप्रेस और देहरादून-काठगोदाम स्पेशल ट्रेन का संचालन फरवरी के प्रथम सप्ताह से शुरू होगा।प्रवर मंडल वाणिज्य प्रबंधक रेखा शर्मा ने नजीबाबाद स्टेशन सहित मंडल के समस्त स्टेशनों को दोनों ट्रेनों के संचालन के संबंध में सूचना जारी की है।
सीएमआई आरके सिंह के अनुसार मंगलवार, बृहस्पतिवार और शनिवार को चलने वाली लिंक एक्सप्रेस 04113 अप ट्रेन सूबेदारगंज प्रयागराज से एक फरवरी को रात नौ बजे रवाना होकर दो फरवरी को प्रात: 8:57 बजे नजीबाबाद स्टेशन पहुंचेगी और लिंक एक्सप्रेस हरिद्वार होते हुए दोपहर एक बजे देहरादून पहुंचेगी। डाउन में सोमवार, बृहस्पतिवार और शनिवार को चलेगी। देहरादून से चार फरवरी को दोपहर 1:25 बजे चलेगी जो अगले दिन सूबेदारगंज प्रयागराज पहुंचेगी। देहरादून से काठगोदाम के बीच बुधवार, शुक्रवार और रविवार को दो फरवरी से संचालित स्पेशल ट्रेन 04126 डाउन, दो फरवरी को रात 11:30 बजे देहरादून से रवाना होगी, जो तीन फरवरी को देर रात 2:11 बजे नजीबाबाद स्टेशन पहुंचेगी। नजीबाबाद से चलकर सीधे मुरादाबाद प्रात: 4:07 बजे पहुंचकर काठगोदाम के लिए रवाना होगी। काठगोदाम से देहरादून के लिए सोमवार, बुधवार और शनिवार को संचालित स्पेशल ट्रेन तीन फरवरी को शाम 7:55 बजे रवाना होकर चार फरवरी की रात 12:55 बजे नजीबाबाद पहुंचेगी और काठगोदाम-देहरादून स्पेशल ट्रेन प्रात: 4:20 बजे देहरादून पहुंचेगी।