बढ़ापुर क्षेत्र के वन क्षेत्र में आबकारी विभाग की टीम ने पकड़ी अवैध शराब की भट्टी।
- फोटो : BIJNOR
बिजनौर। कच्ची शराब बनाने वालों ने वन इलाकों में मुफीद ठिकाना ढूंढ लिया है। घने जंगलों के बीच शराब की भट्टी धधकती मिली है। हालांकि इसे पकड़ने के लिए टीम को चार किलोमीटर तक पैदल चलना पड़ा। वहीं पास के गांव मदपुरी में आबकारी विभाग की टीम ने तलाशी अभियान भी चलाया।
बृहस्पतिवार को पांचों तहसील के आबकारी निरीक्षक अपनी टीम को लेकर बढ़ापुर इलाके में पहुंचे। जिन्होंने मदपुरी में शराब तस्करों के घर की तलाशी ली। तलाशी में कुछ नहीं मिल पाया। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर वन इलाके में टीम पहुंच गई। हालांकि टीम को चार किलोमीटर पहलेे अपनी गाड़ी छोड़नी पड़ी। झाड़ियों के रास्ते से होकर टीम वन में पहुंची तो भट्टी चलती मिली। जहां से 70 लीटर शराब और 1200 किलो लाहन बरामद हुआ। टीम में आबकारी निरीक्षक सविता चौधरी, उपेंद्र शुक्ला, अभय कुमार मय टीम के शामिल रहे। सविता चौधरी ने बताया कि वन इलाके में पहले ड्रोन उड़ाकर देखा गया था, लेकिन बड़े बड़े पेड़ होने की वजह से इस क्षेत्र में सफलता नहीं मिल पाती है। अब वन क्षेत्र में काफी अंदर जाकर आरोपी भट्टी लगाने लगे हैं, जिस कारण सिर्फ मुखबिर ही सहारा है।