मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में मंचासीन अतिथि।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
बिजनौर में कमिश्नर एल वेंकटेश्वर लू ने कहा है कि मतदान प्रजातंत्र की रीढ़ है। प्रजातंत्र की शुद्धीकरण के लिए मतदान करें। लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करने की अलख घर-घर जगाएं। कमिश्नर ने मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत स्कूली बच्चों द्वारा बनाई गई पेंटिंग को सराहा। कहा कि प्रशासन बच्चों की कृतियों को सोशल साइट पर डालकर लोगों तक पहुंचाएं। इस मौके पर बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम भी पेश किए।
कृष्णा बैंक्वेट हाल में आयोजित मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में कमिश्नर ने देशभक्ति को ईश्वर भक्ति बताया। देश की आजादी के लिए राष्ट्रभक्तों के बलिदानों का भावपूर्ण स्मरण करते हुए कहा कि लोकतंत्र हमारी अमूल्य धरोहर है। वोट प्रजातंत्र को मजबूती प्रदान करता है। इसलिए अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें। चुनाव आयोग के निर्देशानुसार लोगों को घर घर जाकर मतदान प्रतिशत बढ़ाने का संकल्प दिलाना है। इस काम में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। समझ व अच्छी भावना के साथ मतदान करें। आपका एक वोट समाज व राष्ट्र के नवनिर्माण में सहायक होगा। उन्होंने ऐसी कार्ययोजना तैयार करने को कहा कि जिले का एक भी वोटर वोट डालने से वंचित न रह जाए। कमिश्नर ने कहा कि हाल में बैठकर मीटिंग करने से कुछ होने वाला नहीं है। गांवों में चौपाल मोहल्लों में मतदान विषय पर चर्चा होनी चाहिए जिले में करीब 400 इंटर व डिग्री कालेज हैं। छात्र-छात्राओं की टोली बनाकर मतदान जागरूकता के लिए घर घर भेजें।
जिले में स्वच्छता अभियान के अंतर्गत अच्छा काम हुआ है। उन्हें भरोसा है कि मतदान प्रतिशत बढ़ाने में जिले के लोग अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और विधान सभा चुनाव में रिकार्ड मतदान करेंगे। डीएम जगतराज ने कहा कि जिले की आबादी करीब 40 लाख हैं। इनमें करीब 26 लाख मतदाता है। करीब 10 लाख युवा मतदाता हैं। जिले में 18 से 19 आयु वर्ग के करीब एक लाख वोटर हैं। पिछले चुनाव में करीब 74 प्रतिशत मतदान हुआ था। इसे बढ़ाकर कम से कम 85 प्रतिशत करना है। डीएम ने जाति धर्म से ऊपर उठकर नैतिक मतदान करने का आह्वान किया। मताधिकार सबसे बड़ा अधिकार है। मतदान करके आप सबसे बड़ा दान भी कर रहे हैं। फ्री एवं फेयर चुनाव कराना प्रशासन का लक्ष्य है। प्रो कबड्डी के हीरो राहुल चौधरी ने लोगों से अपील की है कि वोट जरूर डालें। सही उम्मीदवार को चुने। अपने पड़ोसी को भी मतदान के लिए प्रेरित करें। एसपी अजय साहनी ने जिले में निष्पक्ष मतदान का भरोसा दिलाया। लोगों से निर्भीक होकर वोट डालने को कहा।
एसपी सिटी एमएम बेग ने गीत पढ़ा। जीजीआईसी, सेंट मैरी और माडर्न एरा स्कूल के छात्र-छात्राओं ने मतदान को प्रेरित करने वाले नाटक और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। शिक्षक राजकुमार की रागिनी सराही गई। डीएम के अनुसार जिले में मतदाता सूचियों का प्रकाशन 12 जनवरी को होगा। विधानसभा की विभिन्न सीटों के लिए 20 जनवरी से नामांकन शुरू है। उन्होंने 25 जनवरी के राष्ट्रीय मतदाता दिवस के कार्यक्रमों की तैयारियों में जुट जाने का आह्वान किया। इस दिन शहर, कस्बों, गांवों में वोटरों को मतदान के लिए प्रेरित करने के लिए मानव श्रंखला बनाई जाएंगी। मशाल जुलूस निकाला जाएगा। इस मौके पर डीएम जगतराज ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को आवश्यक रूप से मतदान करने की शपथ दिलाई। राजुल त्यागी, सुरेश चंद शर्मा ने मतदान से जुड़े विषयों पर विचार रखे। संचालन सीडीओ इंद्रमणि त्रिपाठी ने किया।