गांधी जयंती पर नहीं होंगे सार्वजनिक कार्यक्रम
बिजनौर। डीएम रमाकांत पांडेय ने कहा कि दो अक्तूबर को गांधी जयंती मनाई जाएगी, लेकिन सार्वजनिक कार्यक्रम नहीं होंगे। प्रभात रैली नहीं निकलेंगे। प्राथमिक विद्यालयों में ध्वजारोहण कर महात्मा गांधी को नमन किया जाएगा।
कलक्ट्रेट में बैठक में डीएम ने कहा कि बीएसए को प्राथमिक विद्यालयों में ध्वजारोहण व महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कराने के निर्देश दिए। सभी ईओ व डीपीआरओ को एक से 15 अक्तूबर तक विशेष सफाई अभियान चलाने को कहा। बताया कि सभी कार्यालयों में आठ बजे कार्यालय अध्यक्ष ध्वजारोहण करेंगे। शिक्षण संस्थाओं द्वारा भाषण प्रतियोगिता, वाद-विवाद तथा निबंध प्रतियोगिताओं का ऑनलाइन आयोजन किया जाएगा। सुबह नौ बजे वाल्मीकि बस्ती मोहल्ला जाटान में सभी को स्वच्छता के लिए जागरूक किया जाएगा। नौ से दस बजे तक बिजनौर में गांधी पार्क में सोशल डिस्टेंसिंगका पालन करते हुए रामधुन भजन का आयोजन होगा। गांधी आश्रम में चरखा कताई प्रतियोगिता, स्वास्थ्य विभाग द्वारा टीकाकरण शिविर मोहल्ला कस्साबान (रेती) में, राजकीय चिकित्सालय में रोगियों को फल वितरण, 11 बजे से स्थानीय राजकीय बालिका विद्यालय में सामाजिक चेतना अभियान चलाया जाएगा। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी का अभिनंदन अधिकारी द्वारा उनके घर पर ही जाकर किया जाएगा। बैठक में सीडीओ केपी सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व अवधेश मिश्र, एडीएम प्रशासन विनोद कुमार गौड़, एसडीएम विक्रमादित्य मलिक व परमानंद झा आदि मौजूद रहे।