भागूवाला बिजली घर पर प्रदर्शन करते ग्रामीण।
- फोटो : NAZIBABAD
विद्युत ट्रांसफार्मर खराब होने पर प्रदर्शन, बिजलीघर पर डाला ताला
बिजनौर, भागूवाला/नजीबाबाद। भागूवाला के हाईवे क्षेत्र में आए दिन ट्रांसफार्मर खराब होने और विद्युत कटौती से गुस्साए ग्रामीणों ने बिजलीघर पर जमकर प्रदर्शन किया। महिलाओं ने बिजलीघर पर विद्युत निगम के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ताले डाल दिए।
भागूवाला बिजलीघर पर सोमवार को अनेक महिलाओं के साथ ग्रामीणों ने विद्युत अव्यवस्था के विरोध में जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों का कहना है कि भागूवाला हाईवे के निकट स्थित लगभग 80 विद्युत उपभोक्ताओं से जुड़ा 25 केवी क्षमता का ट्रांसफार्मर आए दिन फुंक जाता है। ट्रांसफार्मर को बदलने में विद्युत कर्मचारी कई-कई दिन लगा देते हैं। लोगों को भीषण गर्मी में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों दयावती, हसीना, रिहाना, शबनम, शमीमा, माया, वंदना के नेतृत्व में ग्रामीणों ने कुछ देर के लिए बिजलीघर पर ताला डाल दिया।
क्षेत्रीय जेई छत्रपाल सिंह ने बताया कि ट्रांसफार्मर बदलने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने देर शाम तक क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति सुचारु हो जाने का आश्वासन दिया।