निराश्रित गोवंशों को पकड़ने की मांग को लेकर धरना
शिवाला कलां। सोमवार को गांव मुरा हट के किसानों ने थाने पहुंचकर खेतों में फसलों को नुकसान पहुंचा रहे निराश्रित गोवंशों को पकड़वाने की मांग को लेकर थाने के गेट पर पुलिस के विरुद्ध हंगामा कर दरी पर दरी बिछाकर धरने पर बैठ गए। किसान दो घंटे के बाद थाना अध्यक्ष के तीन दिन के आश्वासन देने पर धरने से उठे।
रविवार को गांव मुराहट के किसानों ने खेतों में फसलों को नुकसान पहुंचा रहे दो दर्जन से अधिक निराश्रित गोवंशों को पकड़कर पशु चिकित्सालय मुराहट के प्रांगण में बांध दिया था। किसानों का आरोप है कि रात्रि में किसी समय पुलिस ने पहुंच कर उन पशुओं को खोलकर जंगल में भगा दिया। इस विषय को लेकर सोमवार को भाकियू के ब्लॉक नूरपुर के अध्यक्ष लक्ष्मीकांत शर्मा के नेतृत्व में सैकड़ों किसान थाने पहुंचे और पुलिस के विरुद्ध हंगामा कर थाने के गेट पर दरी बिछाकर धरने पर बैठ गए। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य उत्तम कुमार, पवन कुमार फौजी, चंद्रपाल सिंह, मलूक सिंह, अशरफ अली, ओमपाल सिंह, जिले राम सिंह आदि किसान मौजूद थे।