सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन
नजीबाबाद। मार्क्सवादी कम्यूनिस्ट पार्टी और किसान-मजदूर सभा ने केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों को जनविरोधी बताते हुए प्रदर्शन किया। राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
माकपा ने लोकतंत्र बचाओ, खेती बचाओ उद्घोष के साथ नजीबाबाद, नांगलसोती और आसपास के क्षेत्रों में प्रदर्शन कर सरकार पर जनविरोधी आर्थिक नीतियां थोपने का आरोप लगाया। माकपा नेता खुर्शीद अहमद शेख, विजय शर्मा, मो.इसरार, तेजपाल सिंह, मो. यूनुस, मो. उस्मान, मो.राशिद, ओपी अकेला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने तहसील पहुंचकर एसडीएम परमानंद झा को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों को किसान, मजदूर और आमजन विरोधी बताया। कृषि कानून वापस लेने, संवैधानिक अधिकारों की रक्षा करने, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार करने, पेट्रोल-डीजल की कीमत नियंत्रित करने, महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार रोकने सहित अनेक मांगों को शामिल किया। नांगलसोती में माकपा नेता विजेंद्र सिन्हा, मोमिन अहमद, मुकेश शर्मा, सुरेंद्र सिन्हा, पीतम सिंह, अल्ताफ अहमद ने प्रदर्शन करते हुए थानाध्यक्ष रवींद्र सिंह को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। उधर, अखिल भारतीय किसान-मजदूर सभा के प्रांतीय उपाध्यक्ष शमशाद हुसैन, सुभाषचंद, मो.नईम, रामपाल, मो.तकी, राजन सिंह, राजेंद्र सिंह, आबिद के नेतृत्व में किसान सभा ने प्रदर्शन करते हुए तहसीलदार राधेश्याम शर्मा को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
नांगलसोती में प्रदर्शन करते मकपा कार्यकर्ता।- फोटो : NAZIBABAD