बिजनौर। जिले में ही गंभीर मरीजों को सस्ता एवं सुलभ इलाज मिले। इसके लिए क्रिटिकल केयर यूनिट का निर्माण कार्य चल रहा है। क्रिटिकल केयर यूनिट शुरू करने के लिए स्टॉफ, उपकरण का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया है।
स्वाहेड़ी में ही महात्मा विदुर स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के पास ही क्रिटिकल केयर यूनिट का निर्माण कार्य चल रहा है। यूनिट का करीब 80 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो गया है। निर्माण कार्य पूरा होने से पहले स्टॉफ भर्ती और उपकरण मंगाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मेडिकल कॉलेज प्राचार्या डॉ. उर्मिला कार्या ने शासन को यूनिट में विशेषज्ञ चिकित्सक, फार्मासिस्ट, स्टॉफ नर्स, टेक्नीशियन, वार्ड ब्वॉय सहित अन्य स्टॉफ की भर्ती के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। इसके अलावा जरूरत के उपकरण का प्रस्ताव भी पहले ही भेज दिया गया है। क्रिटिकल केयर यूनिट में गंभीर मरीजों का इलाज किया जाएगा। दुर्घटना में घायल सहित अन्य गंभीर मरीजों को मेरठ रेफर करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यह जिले के लोगों के लिए काफी फायदेमंद साबित होगी।
क्रिटिकल केयर यूनिट का करीब 80 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो गया है। स्टॉफ और उपकरण के लिए प्रस्ताव भेज दिया गया है। प्रस्ताव पास होते ही यूनिट को बूस्टर मिलेगी। - डॉ. उर्मिला कार्या, प्राचार्या, मेडिकल कॉलेज, बिजनौर