नगीना। राष्ट्रीय राजमार्ग फोरलेन के ग्राम पुरैनी पर स्थित टोल प्लाजा पर एक कार चालक द्वारा निजी सुरक्षा कर्मी को टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल सुरक्षा कर्मी का उपचार मेरठ के अस्पताल में चल रहा है।
बुधवार दोपहर करीब दो बजे हरिद्वार काशीपुर राष्ट्रीय राजमार्ग फोरलेन पर ग्राम पुरैनी के करीब स्थित टोल प्लाजा पर एक कार नगीना से धामपुर की दिशा में जाने के लिए आकर रुकी। आरोप है कि कार चालक द्वारा टोल प्लाजा पर मौजूद टोल कर्मी से टोल टैक्स को लेकर काफी देर कहासुनी होती रही। इसी बीच-बचाव करने टोल प्लाजा पर तैनात निजी सुरक्षा कर्मी महिपाल 50 वर्ष पुत्र नत्थू निवासी स्योहारा वहां पहुंचे तो कार चालक ने तेजी से कार आगे बढ़ाते हुए उसे टक्कर मारकर गंभीर रूप घायल कर दिया तथा कार लेकर मौके से निकल गया। गंभीर रूप से घायल महिपाल को तत्काल टोलकर्मी इलाज के लिए मेरठ ले गए। सीओ राजेश सिंह सोलंकी का कहना है कि आरोपी कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। उनका कहना है कि कार चालक को ट्रेस कर लिया गया है, शीघ्र उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।