बिजनौर। जनपद के अलग अलग शहरों और कस्बों से दिल्ली आने जाने वाली निजी बसों के खिलाफ मंगलवार को अभियान चलाया गया। परिवहन विभाग ने परमिट के नियमों का उल्लंघन करते हुए चलने वाली पांच बसों को सीज कर दिया जबकि 12 के चालान किए गए। एआरटीओ प्रवर्तन महेश शर्मा और पीटीओ मुन्ना लाल के नेतृत्व में दो अलग अलग टीमों ने अभियान चलाया। चांदपुर-नूरपुर मार्ग, बिजनौर-मीरापुर मार्ग और नजीबाबाद मार्ग पर टीम ने दिल्ली के चलने वाली बसों को रोक लिया। पांच बसों को सीज किया गया है जबकि 12 के चालान काटे गए हैं। इसके अलावा सड़क सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर भी कार्रवाई की गई। सीट बेल्ट न लगाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने, रिफ्लेक्टर टेप न लगे होने और नंबर प्लेट न लगाने के मामलों में कुल 32 चालान काटे गए। एआरटीओ प्रवर्तन महेश शर्मा ने बताया कि अनाधिकृत यात्री वाहनों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।