ऑक्सीजन की किल्लत से जूझ रहे प्राइवेट अस्पताल
नजीबाबाद (बिजनौर)। ऑक्सीजन गैस की किल्लत लगातार बढ़ रही है। नगर के सेंट मेरी अस्पताल सहित विभिन्न अस्पतालों के उपचाराधीन रोगियों के लिए पर्याप्त तरल चिकित्सीय ऑक्सीजन उपलब्ध कराना प्रशासन को चुनौति बन रहा है।
तरल चिकित्सीय ऑक्सीजन गैस की दो सप्ताह से चली आ रही किल्लत दूर नहीं हो रही। नजीबाबाद की आक्सीजन गैस रिफिलिंग की एक मात्र हर्ष गोयल प्रतिस्थान ने आक्सीजन गैस अस्पतालों और प्रशासन को उपलब्ध कराने से हाथ खड़े कर दिए हैं। नजीबाबाद के सेंट मेरी अस्पताल सहित क्षेत्र के प्राइवेट अस्पतालों में बड़ी संख्या में रोगी उपचाराधीन हैं। अस्पतालों में आक्सीजन गैस पर्याप्त उपलब्ध न होने से अस्पताल संचालकों के सामने गंभीर रोगियों की जान बचाना चुनौति बन रहा है।
सेंट मेरी अस्पताल के प्रबंधक फादर बीजू सब्दासतीन ने प्रशासन से आक्सीजन गैस उपलब्ध कराने की मांग की है। निजी अस्पतालों ने आक्सीजन गैस की चुनौतियों को देखते हुए बाहर से आंशिक गैस आपूर्ति प्राप्त की। एसडीएम परमानंद झा ने बताया कि सरकारी अस्पतालों में कोविड-रोगियों के इलाज के लिए आवश्यक गैस आपूर्ति दिलाने के साथ निजी अस्पतालों की आवश्यकता पूरा करने के लिए स्थानीय और जिला प्रशासन प्रयासरत है।