बिजनौर में सीडी इंटर कॉलेज हल्दौर के कार्यवाहक प्रधानाचार्य रमा शंकर को कॉलेज के अतिथि विषय विशेषज्ञ शिक्षक विनीत कुमार कौशिक का मानसिक उत्पीड़न करना भारी पड़ा है। डीआईओएस ने पूरे प्रकरण की जांच के बाद प्रधानाचार्य को दोषी मानते हुए भर्त्सनात्मक प्रतिकूल प्रविष्टि दी है।
सीडी इंटर कॉलेज के अतिथि विषय विशेषज्ञ शिक्षक विनीत कुमार कौशिक कई वर्षों से कॉलेज में शिक्षण कर रहे हैं। उन्होंने कार्यवाहक प्रधानाचार्य से अपने पुत्र का सेंट मेरी स्कूल में प्रवेश कराने के लिए अनुभव प्रमाण पत्र मांगा था। प्रधानाचार्य ने शिक्षक को अनुभव प्रमाण पत्र नहीं दिया। आरोप है कि शिक्षक के मानदेय के भुगतान में भी जान-बूझकर देरी की गई। शिक्षक ने डीआईओएस को पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई थी। बाद में शिक्षक ने जिलाधिकारी को पत्र देकर न्याय की मांग की।
शिक्षक की शिकायत पर डीआईओएस ने पूरे प्रकरण की जांच की। डीआईओएस डॉ. अरुण कुमार दूबे के मुताबिक, कई बार कार्यवाहक प्रधानाचार्य को मामले का निपटारा करने के आदेश दिए गए। डीएम व उनके आदेश की भी अनदेखी की गई। जांच में शिक्षक विनीत कुमार कौशिक के आरोपों को सही पाया गया। उन्होंने बताया कि कार्यवाहक प्रधानाचार्य को शिक्षक का मानसिक व आर्थिक उत्पीड़न करने तथा मनमानी करने के आरोप में भर्त्सनात्मक प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है।
कॉलेज के शिक्षकों ने भी खोला मोर्चा
कार्यवाहक प्रधानाचार्य रमा शंकर की मुश्किलें बढ़नी शुरू हो गई हैं। अतिथि शिक्षक विनीत कुमार कौशिक के बाद कॉलेज की माध्यमिक शिक्षक संघ इकाई ने भी उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शिक्षक कृष्ण रंजन सिंह, रोहिताश सिंह, जितेंद्र मारवाड़ी, राजेश कुमार, देवेंद्र कुमार, प्रिंस कुमार, मुकुल त्यागी आदि ने डीआईओएस को दिए शिकायती पत्र में कार्यवाहक प्रधानाचार्य पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पत्र में प्रधानाचार्य पर मनमानी करने, स्कूल टाइम टेबिल कक्षावार तैयार कराने, सचल दल, अवमोचक, कक्ष निरीक्षकों की डयूटी चक्रवार लगाने, छोटी छोटी बातों पर स्पष्टीकरण मांगकर शिक्षकों का उत्पीड़न करने, वेतन का भुगतान समय पर नहीं कराने आदि के आरोप लगाए हैं। डीआईओएस से पूरे प्रकरण की जांच कराने की मांग की गई है।