निरीक्षण में बंद मिला प्राथमिक स्कूल, होगी कार्रवाई
धामपुर। डीएम उमेश मिश्रा के आदेश पर बृहस्पतिवार को बीएसए जयकरन सिंह यादव व डीपीआरओ सतीश कुुमार ने क्षेत्र के गांव हाफिजाबाद बिहारीपुर (शर्की) के स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान गांव का प्राथमिक स्कूल द्वितीय निर्धारित समय से आधा घंटे पहले बंद मिला। जबकि गांव के दूसरा कंपोजिट स्कूल खुला मिला। बीएसए ने कहा कि जो स्कूल बंद मिला है, उसके स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई होगी।
गौरतलब है कि 14 अगस्त को हाफिजाबाद के प्राथमिक स्कूल द्वितीय की प्रधानाध्यापिका अंजलि वर्मा के पति ने खंड शिक्षा अधिकारी धामपुर योगेशपाल की ओर से व्हाट्सएप पर विभागीय सूचना मांगने का विरोध किया था। शिक्षिका के पति ने बीईओ को दुबारा सूचना मांगने पर उन्हें उनके कार्यालय में आकर मारने की धमकी दी थी, जिसका ऑडियो सोशल मीडिया पर भी जमकर वायरल हुआ था। इस मामले में बीईओ की ओर से शिक्षिका अंजलि वर्मा के पति के खिलाफ धामपुर पुलिस थाने में नामजद रिपोर्ट कायम कराई गई है। डीएम उमेश मिश्रा ने मामले की जांच के लिए दो सदस्यों की कमेटी का गठन किया था। जिसमें बीएसए जयकरन सिंह यादव और डीपीआरओ सतीश कुमार को शामिल किया गया।
बृहस्पतिवार को बीएसए और डीपीआरओ ने क्षेत्र के गांव हाफिजाबाद में जाकर स्कूलों का निरीक्षण किया। गांव का कंपोजिट स्कूल खुला मिला। इस स्कूल का स्टाफ भी मौजूद था, लेकिन गांव का प्राथमिक स्कूल द्वितीय निर्धारित समय से आधा घंटे पहले बंद मिला। ग्रामीणों ने अधिकारियों ने बताया कि इस स्कूल के खुलने और बंद होने का कोई निर्धारित समय नहीं है। बीएसए ने बताया कि बीईओ प्रकरण की जांच चल रही है, जल्द ही इस पर कार्रवाई होगी। इस मौके प्रधान अनूप वर्मा, एडीओ पंचायत अनिल चौहान आदि मौजूद रहे।