नई प्रजाति के बीज से खेतों में तैयार करें नर्सरी
धामपुर। धामपुर चीनी मिल ने सोमवार से गन्ने की नई प्रजाति सीओ-15023 के बीज की नर्सरी तैयार करने के लिए अभियान शुरू कर दिया है। गांव नंगला में किसान यशवंत सिंह के खेत में इस नये बीज की नर्सरी की बुवाई कर अभियान को शुरू किया गया है। धामपुर चीनी मिल के गन्ना जीएम ओमवीर सिंह ने किसानों को सुझाव दिया है कि वे गन्ने की नई प्रजाति के बीज से अपने खेतों में नर्सरी को तैयार करें।
गांव में बीज की नर्सरी की बुवाई करने से पहले जीएम गन्ना ने किसानों को बताया कि गन्ने की नई प्रजाति बहुत ही फायदेमंद है। कहा कि चीनी मिल क्षेत्र में सभी किसान अपने प्लाटों में बीज की नर्सरी जरूर तैयार करें, जिससे उन्हें आगामी बुवाई सत्र में महंगे दामों में गन्ने के बीज की खरीदारी करने को विवश न होना पड़ें। इसके उत्पादन से किसान और उद्योग दोनों को लाभ होगा। उन्होंने किसानों से अधिक से अधिक जागरूकता के साथ बीज की नर्सरी को तैयार करने को प्रेरित किया। गन्ना जीएम ने बताया कि धामपुर चीनी मिल क्षेत्र के किसान अब तक गन्ने की बढ़िया प्रजाति के बीज को गैर जनपदों से महंगे दामों में खरीदकर बुवाई करते थे, लेकिन उनका प्रयास है कि अब आगे को ऐसा नहीं होना चाहिए। चीनी मिल ले सभी किसानों के सहयोग से नये बीज से नर्सरी तैयार करने के को अभियान चलाया है। इस बीज की नर्सरी को किसान अपने आप भी आराम के साथ तैयार कर सकता है। दो से पांच गन्ने से प्राप्त बड यानि कि आंखों से नर्सरी तैयार होती है। किसान स्वयं ही अपनी आवश्यकतानुसार बीज तैयार कर सकते हैं।