कोरोना की तीसरी लहर से लड़ने की तैयारी शुरू
बिजनौर। स्वास्थ्य विभाग ने तीसरी लहर से लड़ने की तैयारी शुरू कर दी है। जिला अस्पताल सहित जनपद के पांच सरकारी अस्पतालों को कोविड हॉस्पिटल में बदलने के लिए कमर कस ली है। हालांकि अभी तक तीसरी लहर की केवल आशंका ही व्यक्त की गई है, लेकिन फिर भी एहतियात के तौर पर जिला अस्पताल में 100 और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नजीबाबाद, धामपुर, हल्दौर और चांदपुर में 30-30 बेड आरक्षित कर दिए गए हैं। इस बार ऑक्सीजन की आपूर्ति के लिए इन सभी अस्पतालों में पर्याप्त संख्या में ऑक्सीजन कंसंट्रेटर मौजूद हैं, जबकि जिला अस्पताल और स्योहारा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ऑक्सीजन प्लांट लगाए जा रहे हैं।
कोरोना की दूसरी लहर के दौरान मची हाय तौबा किसी से छिपी नहीं है। इस दौरान कोरोना संक्रमण की चपेट में आए सैकड़ों मरीजों की जान चली गई थी। किसी को अस्पतालों में बेड नहीं मिल पाए थे, तो कोई ऑक्सीजन। अब तीसरी लहर में लोगों को ऐसी परिस्थितियों से न गुजरना पड़े, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। कुछ विशेषज्ञों ने इसे बच्चों तथा कुछ ने उन लोगों के लिए अधिक खतरनाक बताया है जिनका कोरोना रोधी टीकाकरण नहीं हुआ है। इसलिए सभी लोग अपनी बारी आने पर स्वयं को सुरक्षा का टीका अवश्य लगवाएं, जिससे इसके प्रकोप से बचा जा सके। सीएमओ डा. विजय कुमार गोयल ने बताया कि इस बार जिला अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ऑक्सीजन प्लांट का निर्माणाधीन है, जो जल्द ही पूरा होने वाला है। इसके अलावा इन पांचों अस्पतालों में पर्याप्त संख्या में ऑक्सीजन कंसंट्रेटर मौजूद हैं। इस बार मरीजों के लिए बेड एवं ऑक्सीजन आदि की किल्लत नहीं होगी।