होली महोत्सव की तैयारियां शुरू
धामपुर। नगर में होली महोत्सव को भव्य और एतिहासिक बनाने के लिए आदर्श होली हवन समिति के सदस्यों की बैठक हुई। मोहल्ला बाड़वान में समिति के अध्यक्ष चौधरी रवि कुमार सिंह के आवास पर संपन्न हुई बैठक में सदस्यों ने बताया कि अबकी बार धामपुर की होली 71वें वर्ष में प्रवेश कर रही है।
कहा गया कि पूर्व की भांति इस वर्ष भी छोटी होली की शाम को तथा दुल्हैंडी के दिन प्रात: काल निकलने वाले जुलूस व झांकियों को पूर्व की भांति ही निकाला जाएगा। जुलूस के बारे में प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत की जा रही है। समिति के संरक्षक यशपाल तुली ने कहा कि हमें अपने जुलूस की पूर्व परंपरा को कायम रखना है। परंतु साथ ही साथ यदि राज्य सरकार के द्वारा कोई गाइडलाइन प्राप्त होती है तो उसका पूर्ण रूप से पालन किया जाएगा। डॉ शंकर लाल शर्मा ने कहा कि हम संपूर्ण समाज का सहयोग लेकर इस ऐतिहासिक जुलूस को पूर्व की भांति ही आयोजित करेंगे। इस वर्ष भी आदर्श होली हवन समिति की पुस्तिका प्रकाशित की जाएगी। बैठक में प्रमोद मिश्र, डॉ. पुनीत नंदन, दीपक अग्रवाल, दीपेंद्र सिंह चौहान, सनी छाबड़ा, एडवोकेट पवन अग्रवाल, सौरभ गोयल, सौरभ जैन, सुनील गुप्ता, संजीव शर्मा, शेखर अग्रवाल, नवचेतन शर्मा, संजय सेठी, लक्ष्मण सिंह, डॉक्टर ईश्वर चंद शर्मा, आकाश कात्यायन, मनोज जोशी, देवेंद्र भटनागर, अमित रस्तोगी आदि मौजूद रहे।