यूपी बोर्ड के स्कूलों में पढ़ाई शुरू कराने की तैयारी
बिजनौर। शासन की यूपी बोर्ड के स्कूलों में पढ़ाई निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शुरू कराने की तैयारी है। प्रशासन इसको लेकर सख्त हो गया है। स्कूलों में 15 जुलाई से ऑनलाइन पढ़ाई शुरू होनी है। इस क्रम में स्कूलों से छात्र छात्राओं को कोर्स की किताब स्टाल लगाकर उपलब्ध कराने को कहा गया है। साथ ही कोरोना से बचाव को एहतियाती कदम नहीं उठाने वाले विद्यालयों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
छह जुलाई से यूपी बोर्ड के स्कूल खुल गए हैं। शासन ने स्कूलों को छात्र-छात्राओ की पढ़ाई के बारे में कार्यक्रम जारी कर दिया है। कोरोना के कारण छात्र-छात्राएं स्कूल नहीं आ रहे हैं। इसलिए छात्रों की ऑनलाइन घरों पर ही पढ़ाई होगी। शिक्षक स्कूलों में रहकर कालांशवार ऑनलाइन पढ़ाएंगे। स्कूल टाइम टेबिल बनाने में जुटे हैं। शासन को खुले बाजार में कोर्स की किताब नहीं मिलने की शिकायत मिल रही है। इसलिए स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि शासन के तय प्रकाशकों से किताब मंगवाकर छात्रों को उपलब्ध कराएं। किताब लेने के लिए छात्र-छात्राएं स्कूल नहीं आएंगे। अभिभावक किताब लेने आएं और वितरण में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराया जाएगा। डीआईओएस राजेश कुमार ने बताया कि विभागीय नोडल अधिकारियों की बैठक में निर्देश दे दिए गए हैं। नोडल अधिकारी स्कूलों में जाकर चेकिंग करेंगे। 11 नोडल अधिकारियों को 387 स्कूलों की जिम्मेदारी दी है। रोजाना रिपोर्ट डीआईओएस दफ्तर को देनी है। प्रशासन स्कूलों में कोरोना से बचाव के लिए जारी हिदायतों को लेकर भी सख्त है। स्कूलों में शिक्षकों तथा कर्मचारियों द्वारा मास्क लगाकर नहीं आने, स्कूलों को सैनिटाइज नहीं करने, थर्मल स्क्रीनिंग नहीं करने की शिकायत है। डीआईओएस ने बताया कि ढील मिलने पर प्रधानाचार्य जिम्मेदार होंगे। स्कूलों से थर्मल स्क्रीनिंग उपकरण जल्द लेने को कह दिया गया है।