ऑनलाइन परामर्श चिकित्सा से जोड़ा जाएगा प्रेमधाम आश्रम
नजीबाबाद। शासन से नामित कोविड-19 के नोडल अधिकारी योगेश कुमार ने स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ प्रेमधाम आश्रम का निरीक्षण किया। प्रेमधाम आश्रम में रह रहे दिव्यांगों और अनाथ बच्चों के साथ कई सेवक भी कोरोना संक्रमित हैं। स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में सभी का इलाज चल रहा है।
प्रेमधाम आश्रम के सेवकों सहित 39 आश्रम सदस्य जिनमें अधिकांश दिव्यांग और अनाथ बच्चे शामिल हैं संक्रमित हैं। आश्रम संचालकों ने स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में स्वयं को पूरी तरह से आश्रम तक सीमित और आइसोलेट कर लिया है।
शासन से नामित कोविड-19 के नोडल अधिकारी योगेश कुमार ने डिप्टी सीएमओ डॉ.पीआर नायर, डॉ.फैज हैदर, ज्ञान सिंह के साथ शुक्रवार को प्रेमधाम आश्रम पहुंचकर संक्रमितों की स्वास्थ्य सेवाओं और रहन-सहन की समीक्षा की। उन्होंने आश्रम के फादर शीबू थॉमस, बेनी तकेकरा से संक्रमितों के स्वास्थ्य की जानकारी की।
प्रेमधाम आश्रम से शुरू होगी ऑनलाइन परामर्श सेवा
नजीबाबाद। सीएचसी समीपुर भ्रमण पर तीन दिन पूर्व पहुंचे नोडल अधिकारी ने संक्रमण से प्रभावित होम आईसोलेशन में रह रहे संक्रमितों के लिए ऑनलाइन चिकित्सीय परामर्श चिकित्सा सुविधा शुरू किए जाने के निर्देश दिए थे। स्वास्थ्य विभाग ने व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए लैपटॉप और टैबलेट की व्यवस्था की है। जल्द ही क्षेत्र के संक्रमितों के लिए स्वास्थ्य विभाग ऑनलाइन परामर्श और चिकित्सा सेवा शुरू करेगा।
समाजसेवी गेट तक ही रहें सीमित
नजीबाबाद। प्रेमधाम आश्रम में संचालकों और सेवकों सहित 156 सदस्य रहते हैं। उनमें से 39 सदस्य संक्रमित पाए जाने के बाद अन्य सदस्यों को संक्रमितों से पृथक रखा गया है। मिशनरी नर्सों के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में संक्रमितों का उपचार किया जा रहा है। फादर शीबू थॉमस ने समाजसेवियों से संक्रमण से मुक्त होने तक आश्रम के गेट तक सीमित होने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि उनकी भावनाओं के अनुरूप दिव्यांगजनों के लिए दी जाने वाली स्वैच्छिक फल आदि सामग्री गेट पर स्वीकार की जा रही है।