कोतवाली देहात में महिला की मौत के बाद अस्पताल में हंगामा करते परिजन,संवाद
कोतवाली देहात। नहटौर मार्ग स्थित एक निजी अस्पताल में प्रसव के दौरान गर्भवती महिला की मौत हो गई। महिला की मौत की जानकारी मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन पर उपचार में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। परिजनों के हंगामे के बीच अस्पताल में मौजूद चिकित्सक मौके से चले गए।
थाना क्षेत्र के ग्राम मौजमपुर हरबंस उर्फ रहमापुर निवासी सोनू की पत्नी राधा (32 वर्ष) को प्रसव के लिए सोमवार को नहटौर मार्ग स्थित नवजीवन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों के अनुसार, शाम तक राधा की हालत ठीक थी। देर शाम अचानक उसकी हालत बिगड़ गई। चिकित्सकों ने राधा को नजीबाबाद के लिए रेफर कर दिया। रास्ते में ही राधा की मौत हो गई।
राधा की मौत की जानकारी मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों पर उपचार में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए अस्पताल पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों का आरोप था कि महिला की हालत बिगड़ने के बाद भी समय रहते उचित उपचार और आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध नहीं कराई गई। हंगामे की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान अस्पताल में मौजूद चिकित्सक मौके से चले गए। पुलिस ने परिजनों से घटना की जानकारी ली और मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों ने मामले में अस्पताल प्रबंधन और संबंधित चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस उपाधीक्षक नगीना राजेश कुमार का कहना है कि परिजनों की ओर से तहरीर मिलने और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।