- कुटिया कॉलोनी में बनाए गए घाट में खड़े होकर की पूजा अर्चना
- आज सूर्य उदय को अर्घ्य देकर खोला जाएगा 36 घंटे का निर्जला व्रत
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। जिले में सूर्य पर्व छठ धूमधाम से मनाया गया। महिलाओं ने 36 घंटे का निर्जला छठ व्रत रखकर सूर्य अस्त के समय मिठाई, नारियल, फल से अर्घ्य दिया। कुटिया कॉलोनी स्थित शिव मंदिर के पास छठ घाट बनाया गया था। रविवार दोपहर से ही बड़ी संख्या में व्रत रखने वाली महिलाएं और श्रद्धालु पहुंचे।
रविवार की शाम छठ व्रतियों ने घाट पर खड़ी होकर सूर्यदेव की की पूजा अर्चना की। सूर्य अस्त होते समय अर्घ्य देकर अपने परिवार की सुख समृद्धि की कामना की। शुगर मिल के प्रधान प्रबंधक रविंदर शुक्ला व इलेक्ट्रिकल मैनेजर जगनाथ चौधरी ने लाइट, पानी एवं सजावट की व्यवस्था कराई। सोमवार सुबह सूर्य उदय के समय अर्घ्य देने के साथ ही व्रती प्रसाद ग्रहण कर अपना निर्जला व्रत तोड़ेंगी। छठ पूजन में मंजू, सुनीता, उर्मिला, पूनम मिश्रा, मीरा, प्रतीमा देवी, कनक देवी, गीता आदि मौजूद रहे।
पानी में खड़े होकर महिलाओं ने की पूजा अर्चना
अफजलगढ़ में द्वारिकेश शुगर मिल में छठ पर्व धूमधाम से मनाया गया। महिलाओं ने पानी में खड़े होकर सूर्यदेव की पूजा अर्चना की। सोमवार को सूर्योदय के समय पूजा अर्चना कर समापन किया जाएगा। द्वारिकेश चीनी मिल के अध्याशी एसपी सिंह व एचआरडी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि छठ पर्व बिहार व पूर्वांचल में श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। रूबी कुमारी, ममता सिंह, नूतन सिंह, आशा देवी व दुर्गा त्रिपाठी ने व्रत रखा।
वहीं, स्योहारा में अवध शुगर मिल की बारातघर काॅलोनी, पुरानी भूड़ कॉलोनी, एटीएम कॉलोनी में छठ पर्व मनाया गया। छठ माता की पूजा करने वाले भक्तों ने शुद्ध चावल, गन्ना, धूपबत्ती, नई चुनरी आदि छठ माता को अर्पित की। महिलाओं ने छठ माता के भजन भी गाए। चंद्रप्रभा चौधरी, उषा देवी, ममता देवी, टुंपा देवी, सुरभि भटनागर, विमल सुनीता, प्रीति रानी, सरोज देवी आदि ने व्रत रखा।