खुदा की बारगाह में मुल्क की खुशहाली के लिए मांगी दुआ
बिजनौर। जिलेभर में ईद उल अजहा का त्योहार सादगी और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। खुदा की बारगाह में अकीदतमंदों के हाथ उठे। इन्होंने मुल्क के अमनो अमान की दुआ की। मस्जिदों और ईदगाह में ईद की नमाज अदा की गई। एक दूसरे को गले लगकर ईद की मुबारकबाद दी।
रविवार को ईदगाह पर नमाजी सुबह से ही पहुंचना शुरू हो गए थे। सड़क के बजाए ईदगाह परिसर के अंदर ही ईद की नमाज अदा की गई। मुफ्ती वकार ने अकीदतमंदों को खिताब किया। खिताब में ईमान और सौहार्द को पक्का रखने की सीख दी गई। बच्चों को बेहतर तालीम दिलाने पर जोर दिया। ईद की नमाज से पहले डीएम उमेश मिश्रा, एसपी दिनेश कुमार सिंह, एसडीएम मोहित मिश्रा, एएसपी सिटी डा.प्रवीन रंजन सिंह ने ईदगाह पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। रालोद नेता डॉ.नीरज चौधरी और चेयरपर्सन पति शमशाद अंसारी, सपा नेता अखलाक पप्पू ने गले लगकर सभी को ईद उल अजहा की मुबारकबाद दी।
शरबत पिलाया
बिजनौर में ईदगाह पर ईद की नमाज के बाद ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के पदाधिकारी एजाज अहमद ने शिविर लगाकर नमाजियों को ईद की मुबारकबाद दी और शरबत पिलाया। चेयरमैन पद के दावेदार एजाज अहमद, नजाकत अली, सलीम, मुजाहिद, जाहिर अहमद इंतजार आदि मौजूद रहे।