गौसपुर में कटान का खतरा, ग्रामीण चिंतित
नजीबाबाद। पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश होने से गांव गौसपुर मेें दूसरे दिन भी गंगा नदी का जलस्तर बढ़ गया। सिंचाई विभाग द्वारा कटान क्षेत्र में बनाए गए अस्थायी तटबंध भी पानी डूबे हुए हैं, नदी में सिर्फ तटबंधों की बल्लियां ही दिखाई दे रही हैं। गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से गांव में कटान को लेकर ग्रामीण चिंतित हैं।
नांगलसोती के गांव गौसपुर में गंगा नदी पिछले एक दशक से कटान कर रही है। ग्रामीणों की सैकड़ों बीघा कृषि भूमि गंगा में समा चुकी है। सिंचाई विभाग की ओर से गांव में कटान रोकने के लिए 19 अस्थायी तटबंध बनाए गए हैं, लेकिन पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश होने से गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।
ग्रामीण भूपेंद्र सिंह, पूर्व प्रधान राजेश सिंह, नरेश कुमार, पीतम सिंह, विपिन, अवनीश का कहना है कि रविवार को गंगा नदी का जलस्तर इतना बढ़ा कि कटान क्षेत्र में बने अस्थायी तटबंध भी पानी में डूब गए, नदी में अब सिर्फ तटबंधों की बल्लियां ही दिखाई दे रही है। गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से गांव की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है।
उधर, गौसपुर की बाढ़ चौकी में तैनात कानूनगो तेजपाल, लेखपाल शेखर, रामानंद का कहना है कि नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। ग्रामीणों को लाउडस्पीकर के माध्यम से नदी क्षेत्र में नहीं जाने के हिदायत दी गई है।
48 घंटों में बढ़ गया चार फीट पानी
नजीबाबाद। गांव गौसपुर में पिछले 48 घंटों में गंगा नदी का पानी चार फीट बढ़ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि शुक्रवार को नदी का पानी अस्थायी तटबंधों से एक फीट नीचे गुजर रहा था, लेकिन शनिवार व रविवार को नदी का पानी तटबंधों के ऊपर से होकर गुजरा। नदी के पानी में तटबंधों की सिर्फ बल्लियां ही दिख रही हैं। जिससे ग्रामीण चिंतित हैं।
वर्जन...
अस्थायी तटबंध बनने से गांव किनारे कटान नहीं हो रहा है। बरसात के बाद अक्तूबर में पक्के तटबंध बनाए जाएंगे।
- मनोज कुमार, जेई, सिंचाई विभाग।