गांवों के विकास की पहली कड़ी होता है प्रधान : जितेंद्र चौधरी
बिजनौर। अखिल भारतीय प्रधान संगठन की बैठक में प्रधानों की समस्याओं को उठाया गया। डीएम को संबोधित ज्ञापन में प्रधानों की समस्याओं के समाधान की मांग की गई।
राष्ट्रीय अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी ने कहा कि ग्राम प्रधान विकास की पहली कड़ी होता है। जिला प्रशासन का साथ मिले तो ग्राम प्रधान विकास करके गांव की सूरत बदल देता है। कहा कि इसके लिए ग्राम प्रधानों की समस्याओं का समाधान होना भी जरूरी है।
जिलाध्यक्ष सचिन कुमार मलिक ने कहा कि स्वच्छता अभियान और कोरोना टीकाकरण में ग्राम प्रधान महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। ज्ञापन में कोष प्रधानों को सौंपने, सहायक डाटा ऑपरेटर व शौचालय केयर टेकर का मानदेय राज्य सरकार की ओर से करने, जिला स्तर पर हर माह डीएम व एसपी की अध्यक्षता में पंचायत दिवस मनाकर ग्राम प्रधानों की समस्याओं का समाधान करने, पंचायत से जुड़े कर्मचारियों जैसे शिक्षक, आंगनबाड़ी, राशन कोटेदार आदि की उपस्थिति, कार्य प्रमाणन, निलंबन की संस्तुति सहित सभी मामलों में पंचायत को पूर्ण अधिकार देने की मांग की।
इसके अलावा प्रधानों को शस्त्र लाइसेंस में प्राथमिकता देने, प्रधानों के खिलाफ बिना शपथ पत्र लिए जांच न कराने, जिला योजना समिति में प्रधानों को प्रतिनिधित्व देने, दस लाख रुपये के कार्य एस्टीमेट पास कराने में ग्राम सभा को पूर्ण अधिकार देने, राज्य वित्त आयोग व प्रशासनिक सुधार आयोग की सभी सिफारिशें लागू करने की मांग की गई। इस दौरान विकास मलिक, चंद्रप्रकाश शर्मा, गजेंद्र मलिक, हरजीत सिंह, राजवीर सिंह, जितेंद्र चौधरी, शहजाद अली, प्रशांत कुमार, हाजी शमशाद, फिरोज आलम आदि मौजूद रहे।