बहनों की राखी भाइयों तक पहुंचाएगा डाक विभाग
बिजनौर। भाई-बहनों के अटूट स्नेह के प्रतीक रक्षाबंधन त्योहार पर कोरोना की काली छाया नहीं पड़ेगी। इसके लिए डाक विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। डाक विभाग ने बहनों के लिए एक स्पेशल लिफाफा तैयार कराया है। इस बार बहनें इस रंग-बिरंगे आकर्षक वाटरप्रूफ लिफाफे में अपने भाई को रक्षा सूत्र भेज सकेंगी। अफसरों के अनुसार 12 जुलाई से जिले के डाकघरों में इन लिफाफों की बिक्री शुरू हो जाएगी। जिला डाक प्रशासन ने लगभग 1500 वाटर प्रूफ लिफाफों की डिमांड भेजी है।
22 अगस्त को रक्षाबंधन का पर्व है। बहनों की राखियां भाइयों की कलाई तक समय से पहुंचें, इसके लिए डाक विभाग ने तैयारियां कर ली हैं। इस बार डाक विभाग ने विशेष प्रकार के लिफाफे तैयार कराए हैं, जिसकी कीमत दस रुपये है। जिले के सभी डाकघरों में इसकी बिक्री 12 जुलाई से शुरू हो जाएगी। रक्षाबंधन पर कुछ बहनें अपने भाइयों के पास तक नहीं पहुंच पातीं, लेकिन त्योहार की रस्में तो पूरी करनी ही होती हैं। ऐसे में बहनों के सामने बड़ी कठिनाई होती है। उनके सामने डाक से ही राखियां भेजने का विकल्प बचता है।
डाक अधीक्षक राधेश्याम शर्मा के अनुसार लिफाफे आकर्षक लगें, इसके लिए बहनों की पसंद का खास ख्याल रखते हुए इसे चार रंग में लाल, नीला, हरा, पीला बनाया गया है। वाटर प्रूफ लिफाफा होने की वजह से उसे सैनिटाइज किया जा सकता है। इस बार बहनें बेफिक्र होकर अपने भाइयों को राखियां भेज सकती हैं। उन्होंने बताया कि इस लिफाफे को कोरोना संक्रमण को देखते हुए तैयार कराया गया है। लिफाफा खरीदने और राखी भेजने के लिए प्रधान डाकघर सहित सभी उप डाकघरों में व्यवस्था रहेगी।