बिजनौर में जिला निर्वाचन अधिकारी व डीएम सुजीत कुमार ने बताया कि बढ़ापुर विधानसभा के मतदेय स्थलों पर 23 अप्रैल को व नगीना लोकसभा क्षेत्र में 18 अप्रैल को सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा। मतदान प्रारंभ होने से एक घंटा पहले पीठासीन अधिकारी मॉक पोल की कार्रवाई करेंगे। पोलिंग एजेंट उस समय उपस्थित रहे।
डीएम के अनुसार तीसरे चरण में मुरादाबाद लोकसभा के अंतर्गत मतदान में लगाए गए ड्राइवर, कंडेक्टर, क्लीनर, होमगार्डस, पुलिसकर्मियों को मतपत्र से मतदान कराने के लिए 21 अप्रैल को सुबह दस बजे से शाम छह बजे तक राजकीय आईटीआई बिजनौर में फेसिलिटेशन सेंटर बनाया गया है। मतदान से वंचित रह गए कार्मिक यहां वोट डाल सकते हैं। नगीना व मुरादाबाद लोकसभा के मतदान कार्मिकों के लिए वर्धमान डिग्री कॉलेज बिजनौर में फेसिलिटेशन सेंटर बनाया गया है। वहां मतदान कार्मिक 16 अप्रैल को सुबह दस से शाम छह बजे तक मतदान कर सकते हैं।
शराब की दुकानें रहेंगी बंद, तीन दिन स्कूलों में अवकाश
बिजनौर में डीएम सुजीत कुमार ने बताया कि 18 अप्रैल को दूसरे चरण का मतदान है। इसके परिप्रेक्ष्य में लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र अमरोहा में द्वितीय चरण के मतदान के लिए लोक शांति बनाए रखने के उद्देश्य निर्वाचन क्षेत्र अमरोहा के लगे जनपद बिजनौर की आठ किमी की परिधि में देशी शराब, विदेशी मदिरा, बीयर, मॉडल शॉप, भांग की फुटकर व थोक दुकान 16 अप्रैल शाम छह बजे से 18 अप्रैल को शाम छह बजे तक बंद रहेंगी। नगीना लोकसभा क्षेत्र (विधानसभा नगीना, नूरपुर, नहटौर, नजीबाबाद, धामपुर) में 18 अप्रैल को मतदान है। डीएम सुजीत कुमार के अनुसार नगीना लोकसभा क्षेत्र के सभी प्राथमिक, उच्च प्राथमिक विद्यालय, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय इंटर कॉलेज, सीबीएसई, आईसीएसई बोर्ड से संबद्ध सेकेंडरी, सीनियर सेकेंडरी स्कूल चुनाव के लिए अधिग्रहीत किए गए हैं व उनमें मतदान केंद्र बनाए जा रहे हैं। इसलिए नगीना लोकसभा क्षेत्र की पांचों विधानसभाओं में 16 से 18 अप्रैल तक अवकाश रहेगा। डीएम ने आदेशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं। ब्यूरो