बिजनौर कलक्ट्रेट सभागार में बैठक लेते पर्यवेक्षक राजेश्वर प्रसाद।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में नगीना लोकसभा सीट के प्रेक्षक राजेश्वर प्रसाद ने बताया कि चुनाव निष्पक्ष और भयमुक्त कराने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को प्रभारी एवं सहप्रभारी नामित किया गया है। संबंधित अधिकारी आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन कराते हुए निर्वाचन कराएं। आरओ, एआरओ, प्रभारी अधिकारी, सहायक प्रभारी अधिकारियों की बैठक में उन्होंने कहा कि बैठक का उद्देश्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों से भलीभांति परिचित कराना है। साथ ही शारीरिक एवं मानसिक रूप से अभी से ही चुनाव की जिम्मेदारियों को पूरी दक्षता और सजगता के साथ संपादित करने के लिए प्रेरित करना है। प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारी निर्वाचन निर्वाचन में कोई लापरवाही न करें। डीएम ने कहा कि सभी अधिकारी निर्वाचन से संबंधित जिम्मेदारियों का निर्वहन पूर्ण निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ करें। चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुरूप अपने दायित्वों को अंजाम दें। यह भी निर्देश दिए कि पोलिंग पार्टियों के सकुशल अपने गंतव्य की सूचना प्राप्त करें और यदि किसी पार्टी को अपने पोलिंग स्टेशन पर पहुंचने में परेशानी हो तो तत्काल उसे आवश्यक सहायता व मार्गदर्शन उपलब्ध कराएं। इस दौरान व्यय प्रेक्षक संतोष कुमार, एडीएम वित्त एवं राजस्व अवधेश मिश्रा सहित सभी अधिकारी मौजूद रहे।