सेंट मैरीज स्कूल की लापता सिस्टर सजीथा।
धामपुर। सेंट मैरीज स्कूल की लापता 61 वर्षीय सिस्टर सजीथा का चौथे दिन शनिवार को भी पता नहीं लग पाया। पुलिस सिस्टर की तलाश में संभावित स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
केरल निवासी सिस्टर सजीथा स्योहारा मार्ग स्थित सेंट मैरीज स्कूल में लगभग पिछले चार वर्षों से कार्यालय प्रभारी के तौर पर कार्यरत थीं। हाल ही में उनका पंजाब के लिए स्थानांतरण हुआ था। स्कूल प्रधानाचार्या सिस्टर अल्वीना ने बताया कि सिस्टर सजीथा को 29 जुलाई को रवाना होना था। बुधवार अल सुबह लगभग सवा पांच बजे वह बिना किसी को जानकारी दिए स्कूल से गायब हो गई। कई घंटों तक वापसी न होने पर उन्हें फोन किया गया तो उनका फोन स्कूल स्थित उनके आवास पर ही मिला। स्कूल प्रबंधन की सूचना पर पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की मदद से लापता सिस्टर की तलाश शुरू की। पुलिस की शुरुआती जांच में सिस्टर के आरएसएम तिराहे और फिर रोडवेज बस स्टैंड से बस में बैठ जाने की जानकारी मिली। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल कर सिस्टर की लोकेशन पता करने का प्रयास कर रही है। मोबाइल फोन पास न होने के कारण पुलिस को उनकी लोकेशन तलाश करने में परेशानी आ रही है। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी अमित किशोर श्रीवास्तव का कहना है कि पुलिस की ओर से सिस्टर का पता लगाने का पूरा प्रयास किया जा रहा है।