नजीबाबाद। रमा जैन कन्या महाविद्यालय की छात्राओं ने थाने का भ्रमण किया। पुलिस ने छात्राओं को सुरक्षा के टिप्स दिए। छात्राओं ने थाने की कार्यप्रणाली जानी।
अमर उजाला फाउंडेशन के दोस्त पुलिस अभियान के अंतर्गत नजीबाबाद थाना परिसर में थाना प्रभारी धीरज कुमार सोलंकी ने कहा कि पुलिस को दोस्त समझें, निडर रहें, अभिभावकों, शिक्षकों और परिवार से समस्याएं साझा करें। आधुनिकतावाद और लुभावनों व प्रलोभनों से बचें। सोलंकी ने छात्रों को महिला हेल्प डेस्क सहित थाने की कार्य प्रणाली का निरीक्षण कराया।
अपराध निरीक्षक योगेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया का सदुपयोग करने, साइबर क्राइम के तरीकों को पहचानने, ठगी का शिकार होने से बचने के प्रति जागरूक किया। एसएसआई इलम सिंह ने छात्रों को निडर रहने और आवश्यकता पड़ने पर महिला हेल्थ डेस्क से मदद लेने की सलाह दी। रमा जैन की प्राचार्या डॉ. मृदुल त्यागी, डॉ.भावना अरोड़ा, डॉ. पूनम अग्रवाल के नेतृत्व में थाने पहुंची छात्रों ने उत्सुकता से पुलिस से सुरक्षा और अपराध संबंधी शंकाओं का समाधान किया।
उप निरीक्षक प्रिया मोरल ने मिशन शक्ति को महिलाओं के लिए वरदान बताया। उन्होंने छात्राओं को पुलिस हेल्प नंबरों की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को एकाग्र मन से शिक्षा ग्रहण कर शैक्षिक भविष्य को संवारने की सलाह दी।
छात्राएं बोलीं पुलिस दोस्त है
थाना भ्रमण के दौरान बीए की छात्रा रीना, तहजीब फातिमा, बीएससी की छात्रा कामिनी कश्यप और एमकॉम की छात्रा सुबूही नाज का कहना था कि उन्होंने पहली बार थाने का भ्रमण किया। खाकी वर्दी के नजदीक आने से भ्रम दूर हुए और यह यकीन हुआ कि पुलिस अपराध मुक्त समाज, सुरक्षा देने का मिशन ही नहीं चलाती बल्कि पुलिस सामाजिक दायित्वों को भी निभाती है और दोस्त की तरह समाज की हमसफर भी बनती है।
अमर उजाला फाउंडेशन के दोस्त पुलिस अभियान से बालिकाओं को सुरक्षा और सामाजिक दायित्वों के प्रति विश्वास पैदा हुआ है। सामाजिक दायित्व की दृष्टि से इस प्रकार के कार्यक्रम वरदान साबित होते हैं।
- डॉ. मृदुला त्यागी, प्राचार्या, रमा जैन कन्या महाविद्यालय
फाउंडेशन के कार्यक्रम मार्गदर्शक
महाविद्यालय की एनएसएस प्रभारी डॉ. भावना अरोड़ा, डॉ. पूनम अग्रवाल कहती हैं कि अमर उजाला फाउंडेशन के कार्यक्रम पुलिस दोस्त, अपराजिता, पुलिस की पाठशाला, स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रम समाज और युवाओं के मार्गदर्शन बन रहे हैं।