पुलिस ने मंडी समिति से फुटकर कारोबारियों को खदेड़ा
नजीबाबाद। कृृषि उत्पादन मंडी समिति में भीड़ आने से रोकने के लिए पुलिस ने सब्जी एवं फल के फुटकर कारोबारियों को मंडी में आने से रोक दिया। जिला प्रशासन के निर्देश पर पुलिस ने तड़के से ही मंडी समिति में डेरा डालकर भीड़ करने वाले फुटकर कारोबारियों को खदेड़ दिया।
शासन के निर्देश पर डीएम रमाकांत पांडेय ने कृषि उत्पादन मंडी समिति में भीड़ को सख्ती के नियंत्रित कर सोशल डिस्टेंसिंग बनाने के लिए पुलिस को निर्देश दिए। सीओ प्रवीण कुमार सिंह, थाना प्रभारी संजय शर्मा, जाब्तागंज चौकी प्रभारी कुमरेश त्यागी पुलिस बल के साथ शनिवार को रात 3.30 बजे मंडी पहुंचे।
थाना प्रभारी ने मंडी समिति सचिव संभव तोमर के साथ मंडी परिसर का निरीक्षण किया। फुटकर सामान लेने बड़ी संख्या में पहुंचे सब्जी एवं फल कारोबारियों को मंडी परिसर से खदेड़ दिया। सीओ ने स्पष्ट किया कि मंडी समिति परिसर में केवल आढ़ती और सब्जी उत्पादक ही पहुंचेंगे। यदि बाहरी व्यक्ति फुटकर सामान लेता पकड़ा जाता है तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नियम विरुद्घ हो रहा था फुटकर कारोबार
नजीबाबाद। मंडी समिति सचिव संभव तोमर ने बताया की आढ़तियों द्वारा नियम विरुद्घ सब्जी एवं फल फुटकर कारोबारियों को दिए जाने से मंडी समिति में भीड़ बढ़ रही थी। सचिव ने बताया कि मंडी परिसर में अब केवल वे ही ठेले सब्जी एवं फल खरीदने पहुंचेंगे जिन्हें लॉक डाउन के दौरान नगरपालिका परिषद या प्रशासन ने अनुमति जारी की है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी मंडी समिति से सब्जी एवं फल लेने के लिए छोटे वाहन आ रहे हैं।
कारोबार बंद करने की धमकी
नजीबाबाद। कृषि उत्पादन मंडी समिति में सोशल डिस्टेंसिंग बनाने को पुलिस सख्ती के बाद आढ़तियों ने सब्जी एवं फल कारोबार बंद करने की धमकी दी। कारोबारियों ने पुलिस उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए बैठक की। आढ़तियों ने पुलिस की सख्ती से काफी सब्जी और फल बचने का आरोप लगाया। आपसी मतभेद के चलते सब्जी एवं फल आढ़ती अंतिम फैसला नहीं ले सके।
नजीबाबाद में मंडी समिति के गेट पर फुटकर कारोबारियों को रोकने बैठे थाना प्रभारी संजय शर्मा और मंड?- फोटो : NAZIBABAD